कैमूर में प्लास्टिक पाइप फैक्ट्री पर STF-पुलिस की छापेमारी, 27 किलो से ज्यादा गांजा बरामद
कैमूर (बिहार)। जिले के दुर्गावती से बड़ी खबर सामने आई है। यहां गुप्त सूचना के आधार पर STF और दुर्गावती पुलिस की संयुक्त टीम ने एक प्लास्टिक पाइप फैक्ट्री में छापेमारी कर 27 किलो से ज्यादा गांजा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि ओडिशा नंबर की एक लग्जरी कार भी जब्त की गई है।
गुप्त सूचना पर फैक्ट्री में STF और पुलिस की संयुक्त छापेमारी
मामला दुर्गावती थाना क्षेत्र के छांव रोड स्थित एक प्लास्टिक पाइप फैक्ट्री का है। पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि फैक्ट्री परिसर से गांजा का कारोबार किया जा रहा है। सूचना के बाद अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर STF और दुर्गावती पुलिस की संयुक्त टीम ने फैक्ट्री परिसर में छापेमारी की।
14 पेटियों में मिला गांजा, प्रकाश तिवारी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान फैक्ट्री के अंदर 14 पेटियों में रखा 27 किलो से ज्यादा गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान प्रकाश तिवारी के रूप में बताई गई है। इसके अलावा एक ओडिशा नंबर की लग्जरी कार भी पुलिस ने जब्त की है।
गांजा नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसके कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। दुर्गावती सीओ राजा कुमार ने बताया कि फैक्ट्री से 27 किलो से ज्यादा गांजा बरामद हुआ है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें: पर्यावरण संबंधी मुद्दों की कोई भौगोलिक सीमा नहीं होती: मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत