प्रतापगढ़ में शुक्रवार को अचानक हुई बारिश ने किसान

प्रतापगढ़ में बेमौसम बारिश से भीगी धान की फसल, किसानों को नुकसान का डर

बेमौसम बारिश से खराब हुई धान की फसल

प्रतापगढ़: जिले में शुक्रवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। आसमान में छाए बादलों के बीच झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते जहां मौसम में ठंडक बढ़ गई है, वहीं किसानों की मुश्किलें भी बढ़ती नजर आ रही हैं। खेतों में धान की फसल काटकर रख चुके किसानों के सामने अब उसे सुरक्षित रखने की चुनौती खड़ी हो गई है। बारिश के कारण खेतों और खलिहानों में पड़ी धान की कटी फसल भीगने से नुकसान की आशंका जताई जा रही है। 

बारिश से भीगी धान की फसल

किसानों का कहना है कि धान की कटाई के बाद फसल को सुखाने और सुरक्षित रखने का काम चल रहा था, लेकिन अचानक हुई बारिश ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। अगर बारिश का सिलसिला जारी रहा तो कटी हुई फसल की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। वहीं, बारिश के साथ ही जिले में ठंड ने भी दस्तक दे दी है। सुबह और दिन के समय मौसम में बदलाव महसूस किया जा रहा है। लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन अचानक बढ़ी ठंड ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। 

बारिश से बढ़ी किसानों की चिंता

गौरतलब है कि मौसम विभाग की ओर से पहले ही 28 से 31 अक्टूबर तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। इसके बावजूद अचानक हुई झमाझम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल जिले में बदले मौसम के बीच किसानों की निगाहें आसमान पर टिकी हैं। उन्हें उम्मीद है कि जल्द मौसम साफ होगा, ताकि खेतों में पड़ी धान की फसल को सुरक्षित किया जा सके। 

ये भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में EOW की बड़ी कार्रवाई, कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष समेत दो ठिकानों पर छापेमारी