समस्तीपुर जिले में रायपुर पंचायत की वर्तमान पंच पत

समस्तीपुर जिले में पंच पति की गोली मारकर हत्या

मृतक की जांच करते डॉक्टर

समस्तीपुर (बिहार)। अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र के रायपुर पंचायत से सामने आया है, जहां बीती रात हथियारबंद अपराधियों ने एक 45 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान रसलपुर गांव, वार्ड संख्या एक निवासी गंगो राय के पुत्र सुबोध राय के रूप में हुई है। सुबोध राय रायपुर पंचायत की वर्तमान पंच धर्मशिला देवी के पति थे।

अज्ञात अपराधियों ने मारी गोली

जानकारी के मुताबिक, सुबोध राय शुक्रवार की रात किसी जरूरी काम से वार्ड संख्या छह की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सुनसान रास्ते पर पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और गोली मार दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

अस्पताल के रास्ते में हुई मौत

घटना के बाद परिजन और स्थानीय ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सबसे दुखद बात यह है कि सुबोध राय की बेटी की शादी महज एक महीने बाद होने वाली थी। 

घर में शादी की चल रही थी तैयारियां

घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस वारदात ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी दल बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। वहीं इस संबंध में थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया है कि पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। जल्द ही हत्यारे की गिरफ्तार कर लिया जाएगा! 

यह भी पढ़ेंः CDSCO ने प्रोडक्ट पर गुमराह करने वाले दावों के चलते FatX का रजिस्ट्रेशन किया कैंसिल