समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र स्थित सुरोल

खानपुर थाना क्षेत्र के सुरोल गांव स्थित कब्रिस्तान में तीन संदिग्ध बम मिलने से मचा हड़कंप

कब्रिस्तान के पास मिले तीन संदिग्ध बम

समस्तीपुर: बिहार समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिनमनपुर उत्तरी पंचायत के सुरोल गांव स्थित कब्रिस्तान में बुधवार को तीन संदिग्ध बम मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बम मिलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने तत्काल इसकी जानकारी खानपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कब्रिस्तान में पड़ी तीन संदिग्ध बम जैसी वस्तुओं को देखकर इलाके को सुरक्षित किया। पुलिस ने ग्रामीणों से मौके से दूर रहने की अपील की।

बम जैसी तीन संदिग्ध वस्तुएं पड़ी दिखाई दीं

दक्षिणी पंचायत के मुखिया पति डॉ. परवेज आलम ने बताया कि बुधवार सुबह मस्जिद के मौलाना मजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर काले प्लास्टिक में रखी एक ऐसी वस्तु पर पड़ी, जो दूर से नारियल जैसी दिखाई दे रही थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे। वहां तीन बम जैसी संदिग्ध वस्तुएं पड़ी थीं। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी सूचना दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध वस्तुएं कब्रिस्तान में कैसे पहुंचीं और इन्हें वहां किसने रखा।

एफएसएल टीम को दी गई सूचना

खानपुर थाना प्रभारी सह अपर थानाध्यक्ष पूनम कुमारी ने बताया कि ग्रामीणों के माध्यम से कब्रिस्तान के पास तीन बम होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो तीन संदिग्ध बम जैसी वस्तुएं मिलीं। एफएसएल टीम को सूचना दी गई है। फिलहाल लोगों को मौके से दूर रहने की अपील की गई है और पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

ये भी पढ़ें- SSB की 59वीं वाहिनी में तैनात कांस्टेबल ज्ञानेश्वर डी. पाटिल की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत