केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने पीएम मोदी की कार्यशै

पीएम मोदी लेते हैं फीडबैक, लक्ष्य हासिल करने के लिए तय करते हैं डेडलाइन: पंकज चौधरी

Uttar Pradesh Bharatiya Janata Party (BJP) president Pankaj Chaudhary

नई दिल्ली। 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्य की किसी भी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ लें, उनकी जीत तय है। न्यूज एजेंसी ANI को दिए इंटरव्यू में उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी की कार्यशैली की जमकर तारीफ की और चुनावी रणनीति पर खुलकर बात की।

'फैसले लेकर छोड़ते नहीं, डेडलाइन तय करते हैं पीएम'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम करने के तरीके पर रोशनी डालते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि पीएम केवल नीतियां या फैसले बनाकर नहीं छोड़ते। वे अंतिम स्तर तक इसकी समीक्षा करते हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री हर काम का नियमित फीडबैक लेते हैं और उसे पूरा करने के लिए एक सख्त समय-सीमा तय करते हैं। उनकी यह कार्यसंस्कृति पूरी पार्टी को गति देती है।

'जब हम थकते हैं, तो मोदी जी को याद करते हैं'

पीएम मोदी के समर्पण का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने भावुक अंदाज में कहा, "मैं उनकी कार्यशैली से बेहद प्रभावित हूं। जब भी हम काम करते-करते थकान महसूस करते हैं, तो प्रधानमंत्री जी को याद कर लेते हैं। हमारी थकान तुरंत गायब हो जाती है। हमारे प्रधानमंत्री और पार्टी अध्यक्ष लगातार दिन-रात काम कर रहे हैं।"

उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं का एकमात्र लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है।

'2027 में किसी भी सीट से जीतेंगे योगी आदित्यनाथ'

अयोध्या और 2027 के चुनावी समर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और सीएम योगी के बीच जुबानी जंग पर पंकज चौधरी ने स्थिति साफ की। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ प्रदेश के बेहद लोकप्रिय नेता हैं।

"पिछले साढ़े नौ सालों में योगी जी ने उत्तर प्रदेश में जो काम करके दिखाया है, उसके दम पर वे राज्य की किसी भी सीट से चुनाव मैदान में उतरें, शानदार जीत दर्ज कर वापसी करेंगे। वहीं अखिलेश जी जहां से चाहें, चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र हैं।"

भाजपा का सामूहिक नेतृत्व और 2027 की बिसात

केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि भाजपा में कोई भी चुनाव अकेले नहीं लड़ा जाता। चुनाव हो या कोई बड़ी राजनीतिक चुनौती, प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से लेकर पार्टी का हर छोटा-बड़ा कार्यकर्ता पूरी ताकत से मैदान में उतरता है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और समाजवादी पार्टी ने अपनी-अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। वहीं, कांग्रेस भी इंडिया (INDIA) गठबंधन के तहत सपा के साथ सीट शेयरिंग की बातचीत के बीच अपनी जमीन मजबूत करने में जुटी है। (इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: निर्मला सीतारमण के पलटवार पर आया राहुल गांधी का जवाब, पूछा- अमित शाह के घर क्यों हुई टाटा की बैठक?