मौज-मस्ती व लग्जरी लाइफ के शौक ने बनाया अपराधी
नरसिंहपुर। गलत संगत, अच्छी लाइफ स्टाइल, होटलिंग और मौज-मस्ती की चाहत ने कुछ युवकों और किशोरों को अपराध की दुनिया में धकेल दिया। नरसिंहपुर जिले के स्टेशनगंज थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए पुलिस ने एक बड़े शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में गिरोह के सदस्यों सहित चोरी के जेवर खरीदने वाले एक सुनार (दुकानदार) को भी गिरफ्तार किया है।
शनिवार को पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. ऋषिकेश मीना ने इस पूरी कार्रवाई का खुलासा किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) संदीप भूरिया और एसडीओपी मनोज गुप्ता भी मौजूद रहे।
लाखों का सामान जब्त
पुलिस ने इस शातिर गिरोह के पास से करीब 22 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने चोरी के दौरान बच्चों के गुल्लक तक को नहीं छोड़ा था।
ऐसे हुआ गिरोह का पर्दाफाश
स्टेशनगंज पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ संदिग्ध युवक घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी की और 6 संदिग्धों को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपियों ने क्षेत्र में हुई कुल 7 चोरियों की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
नाबालिग भी मामले में शामिल
गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपियों में कमलेश उर्फ मंगल चौधरी (19 वर्ष, निवासी करहैया) और विशेष उर्फ भोला (19 वर्ष, निवासी खमतरा) शामिल हैं। इसके साथ ही इस गिरोह में 3 नाबालिग (किशोर) भी शामिल थे, जिन्हें पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले सराफा दुकानदार को भी सह-आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार किया है।
अपराध की वजह
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि महंगी होटलिंग, घूमना-फिरना और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने के शौक को पूरा करने के लिए उन्होंने चोरी का रास्ता चुना। उनसे 22 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 2 बाइक जब्त किये गए।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/mallikarjun-kharge-said-on-pm-modi-appeal-teaching-the-country-a-lesson/203653