पटना को साफ-सुथरा, स्वच्छ और सुन्दर बनाने को लेकर

पटना की सड़कों पर थूकने वालों की अब खैर नहीं, गंदगी फैलाने पर लगेगा 500 रुपए का जुर्माना

फाइल फोटो

पटना। बिहार की राजधानी पटना को साफ-सुथरा, स्वच्छ और सुन्दर बनाने को लेकर नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। पटना नगर निगम अब  पान, गुटखा या अन्य तम्बाकू उत्पाद खाकर शहर की सड़कों पर थूकने वालों से 500 रुपये का जुर्माना वसूलेगा। इतना ही नहीं, सार्वजनिक स्थानों पर थूकने और गंदगी फैलाने वालों को 'नगर शत्रु' घोषित किया जाएगा।

पटना शहर के 400 से अधिक स्थानों पर लगे हैं 3000 से अधिक कैमरे

नगर निगम ने इसके लिए कमर कस लिया है। बता दें कि फिलहाल शहर के 400 से अधिक स्थानों पर 3000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। ये कैमरे इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जुड़े हुए हैं। इन कैमरों की मदद से नगर शत्रुओं की पहचान की जाएगी। गंदगी फैलाने वाले इन शत्रुओं से न सिर्फ जुर्माना वसूला जाएगा बल्कि सार्वजनिक रूप से वैरिएबल मैसेज डिस्प्ले (VMD) स्क्रीन पर भी लगाई जाएगी ताकि इनको शर्मिंदा किया जा सके। इसके अलावा नगर निगम सार्वजनिक स्थानों पर पेशाब करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई करेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों से 500 रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा।

लोग नगर निगम की टोल फ्री नंबर पर कर सकते हैं शिकायत

अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में स्थानीय लोग भी नगर निगम की टोल फ्री नंबर 155304 पर इसकी जानकारी दे सकते हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि ऐसी कार्रवाई से कई इलाकों की तस्वीरों में काफी बदलाव आएगा और राजधानी पटना की छवि साफ-सुथरी होगी। अब देखने वाली बात है कि नगर निगम इस नियम को कितनी सख्ती से लागू कर पाता है और इसका जमीनी स्तर पर कितना असर दिखता है।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/bjp-leader-dilip-ghoshs-first-rally-said-mamata-banerjees-government-is-sure/103876

भाजपा नेता दिलीप घोष की पहली रैली, कहा- ममता सरकार का जाना तय है