मध्य प्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर जिले के करीब 2

मध्य प्रदेश में पटवारियों का कलम बंद आंदोलन शुरू, प्रशासन की बढ़ी चिंता

Pen Down Strike By Patwaris

मुरैना: मध्य प्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर जिले के पटवारियों ने सोमवार से अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। जिले भर के करीब 250 पटवारी न्यू कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्र हुए और कार्यालयीन कार्यों का बहिष्कार करते हुए धरने पर बैठ गए। पटवारियों की प्रमुख मांगों में पदोन्नति, कैडर रिव्यू लागू करना और समयमान वेतनमान में सुधार शामिल हैं। 

मांगें पूरी ना होने तक जारी रहेगा आंदोलन

संघ का कहना है कि ये मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन शासन की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इसी के विरोध में पटवारियों ने 'कलम बंद' आंदोलन शुरू किया है। धरना दे रहे पटवारियों का कहना है कि उन्होंने कई बार शासन-प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं, लेकिन समाधान नहीं हुआ। ऐसे में अनिश्चितकालीन हड़ताल ही अंतिम विकल्प बचा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय या ठोस आश्वासन नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा।

तीन सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

पटवारियों की हड़ताल का असर राजस्व विभाग के कामकाज पर पड़ने लगा है। नामांतरण, सीमांकन, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्रों से जुड़े कार्यों सहित अन्य राजस्व सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। एडीएम अश्विनी रावत ने बताया कि पटवारियों ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा है और अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि हड़ताल के कारण राजस्व कार्य प्रभावित होंगे। अगर आंदोलन लंबा चलता है तो प्रशासन वैकल्पिक व्यवस्था करने पर विचार करेगा। 

ये भी पढ़ें- शादी का वादा कर बनाए शारीरिक संबंध, इनकार के बाद युवती ने दर्ज कराई शिकायत