भाव्या जोशी को न्याय दिलाने के लिए एकजुट हुए लोग, दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग
कोरबा: 7 वर्षीय मासूम बच्ची भाव्या जोशी के साथ हुई बर्बरता और निर्मम हत्या ने पूरे कोरबा जिले की अंतरात्मा को झकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य कृत्य के खिलाफ नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राज जायसवाल के नेतृत्व में युवाओं और आम नागरिकों ने जय स्तंभ चौक से शहीद वीर नारायण सिंह चौक तक विशाल कैंडल मार्च निकाला। हाथों में जलती मोमबत्तियां और तख्तियां थामे लोगों ने बच्ची को अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि दी और दरिंदों को फांसी के फंदे तक पहुंचाने के लिए आवाज बुलंद की।
मासूम को न्याय दिलाने की मांग
समारोह को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने कहा, जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है, जब 7 साल की बच्ची भी सुरक्षित नहीं है, तो यह पूरे तंत्र के लिए शर्म का विषय है। पुलिस प्रशासन को अपराधियों पर तत्काल सख्त नकेल कसनी होगी ताकि बेटी को त्वरित न्याय मिले। वहीं, युवा नेता सौरभ धितलहरे ने कड़े शब्दों में कहा, जिस उम्र में हाथों में खिलौने और किताबें होनी चाहिए थीं, उस मासूम को दरिंदगी का शिकार बना दिया गया। सच्ची श्रद्धांजलि केवल मोमबत्तियां जलाने से नहीं, बल्कि ऐसे नरपिशाचों को फांसी की सजा दिलाने से ही पूरी होगी। मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराकर समाज में नजीर पेश की जाए। कैंडल मार्च में शामिल नागरिकों ने चेतावनी दी कि अगर बेटियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण पर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यह आक्रोश बड़े जनांदोलन का रूप लेगा।
ये भी पढ़ें- फतेहपुर में सपा टिकट के दावेदार स्वामी सत्यात्मानंद का वीडियो वायरल, कथित जातिगत टिप्पणी पर विवाद