रायबरेली में PET-2026 परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन

रायबरेली में 24 केंद्रों पर होगी PET-2026 परीक्षा, दिए गए ज़रूरी निर्देश

रायबरेली में 24 केंद्रों पर होगी PET-2026 परीक्षा

रायबरेली: ​उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को जनपद में पूरी तरह सकुशल, शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां पुख्ता कर ली हैं। इसी सिलसिले में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने शनिवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज सहित प्रमुख परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश, बैठने के इंतजाम और अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही आयोजित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता और पवित्रता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

PET-2026 के लिए जिले में 24 केंद्रों पर होगी परीक्षा

​डीएम ने जानकारी शेयर करते हुए बताया कि जनपद में पीईटी-2026 के लिए कुल 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यह परीक्षा तीन निर्धारित तिथियों 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को कुल छह पालियों में संपन्न होगी। परीक्षा का समय प्रतिदिन दो पालियों में रहेगा। प्रथम पाली पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रत्येक पाली में 9,744 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिससे जनपद में तीनों दिवसों की कुल छह पालियों में कुल 58,464 परीक्षार्थी भाग लेंगे। परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

​केंद्रों पर सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दिन केंद्रों पर मोबाइल, लैपटॉप, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी या किसी भी प्रकार के अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह प्रतिबंध परीक्षार्थियों के साथ-साथ परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी दे रहे शिक्षकों और कर्मचारियों पर भी समान रूप से लागू होगा। साथ ही, केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल, निर्बाध बिजली और शौचालय की व्यवस्थाओं को पहले से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। 

ये भी पढ़ें- यासीन मलिक समेत 7 आरोपियों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग केस में ट्रायल का आदेश