इटावा के जसवंतनगर क्षेत्र में सड़क पार कर रहे पेट्

इटावा में सड़क हादसा, तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से पेट्रोल टैंकर परिचालक की मौत

Petrol Tanker Helper Killed in Hit-and-Run Accident in Etawah

इटावा (उत्तर प्रदेश)। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जमुना बाग स्थित एक होटल के सामने शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पेट्रोल टैंकर के परिचालक की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब परिचालक होटल में खाना खाने के बाद सड़क पार कर अपने टैंकर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष

हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कमल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घायल परिचालक मनीष, निवासी कानपुर, को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जसवंतनगर पहुंचाया। वहां अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पेट्रोल टैंकर पर परिचालक के रूप में कार्यरत था मृतक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मनीष एक पेट्रोल टैंकर पर परिचालक के रूप में कार्यरत था। घटना के समय टैंकर चालक होटल के पास मौजूद था और पूरी तरह सुरक्षित है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आसपास के सीसीटीवी की जांच जारी 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी वाहन चालक को चिन्हित कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

यह भी पढ़ें: सिंगरौली में सड़क न होने से खाट पर ले जाना पड़ा किशोर का शव, ग्रामीणों में आक्रोश