पीलीभीत में ट्रैफिक पुलिस पर अवैध वसूली के आरोप, वायरल वीडियो की जांच में जुटे अधिकारी
पीलीभीत {उत्तर प्रदेश}: बरखेड़ा में वाहन चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस पर रिश्वत लेने का आरोप लगा है, सिपाही द्वारा रुपये लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। वीडियो सामने आने के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच कराई, लेकिन स्पष्ट रूप से रुपये के लेनदेन की पुष्टि नहीं हो सकी, वायरल वीडियो में केवल मौखिक तौर पर रुपये देने-लेने की बात होती सुनाई दे रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
दरअसल देर शाम यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, वीडियो में नवाबगंज तिराहे के पास एक ट्रैफिक सिपाही एक व्यक्ति से बातचीत करते दिख रहा है। वायरल वीडियो होने के बाद सिपाही पर चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली के आरोप लगाए गए। आरोप है कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी दोपहिया, डग्गामार और ओवरलोड वाहनों को रोकते थे और चालान का डर दिखाकर वाहन चालकों से पैसे मांगे जाते थे।
अधिकारियों ने शुरू कराई मामले की जांच
मामला पुलिस के उच्च अधिकारियों तक पहुंचा तो मामले की जांच कराई गई, जांच में वीडियो बनाने वाले व्यक्ति के बारे में भी जानकारी जुटाई गई। जांच में सामने आया कि वह मैजिक वाहन संचालक है। सीओ ट्रैफिक आकृति पटेल के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस पर दबाव बनाने के उद्देश्य से वीडियो वायरल किए जाने की बात जांच में सामने आई है। फिलहाल अधिकारियों के निर्देश पर पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।
ये भी पढ़ें: फॉर्म 6 में किसने किया बदलाव? विपक्ष ने ECI-BJP पर तेज किया हमला