मुरैना में पाइपलाइन विवाद के बाद कथित तौर पर हुई त

पाइपलाइन विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, मामा-भांजे समेत 3 घायल; एक की मौत

Pipeline Dispute Turns Violent in Morena, One Killed in Firing

मुरैना (मध्य प्रदेश)। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के रामनगर में पाइपलाइन को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर बदमाशों ने घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब 15 से 20 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आ रही है। इस गोलीबारी में मामा-भांजे समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में शामिल अक्षय नामक युवक की इलाज के दौरान ग्वालियर में मौत हो गई।

घटना से इलाके में दहशत

घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, वहीं युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजन मुरैना में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास वीआईपी रोड पर पहुंच गए और हंगामा करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों ने स्टेशन रोड थाने के तीन आरक्षकों पर भी आरोपियों का साथ देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

पाइपलाइन विवाद के बाद अचानक बरसने लगीं गोलियां

बताया जा रहा है कि रामनगर में पाइपलाइन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि मुख्य आरोपी विजय पंडित समेत अन्य बदमाशों ने बंदूक और अवैध हथियारों से घर के बाहर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। लगातार गोलियों की आवाज से क्षेत्र में भगदड़ और दहशत का माहौल बन गया। फायरिंग की चपेट में आने से मामा-भांजे समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए। सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां अक्षय की हालत गंभीर होने पर उसे ग्वालियर रेफर किया गया। इलाज के दौरान अक्षय ने दम तोड़ दिया।

परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर भी लगाए गंभीर आरोप

अक्षय की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। उनका आरोप है कि कुछ पुलिसकर्मियों की कथित मिलीभगत के चलते बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। परिजनों ने आरोपियों के साथ-साथ जिन पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाए गए हैं, उनके खिलाफ भी जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की।

मुख्य आरोपी पर दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी विजय पंडित के खिलाफ पोरसा, अंबाह और स्टेशन रोड थानों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दबिश शुरू कर दी है। 

यह भी पढ़ेंः सर्विसिंग के बाद चलती बाइक में लगी आग, बाल-बाल बचा सवार