बाराबंकी में जिंदा बुजुर्ग को कागजों में मृत दिखाकर जमीन हड़पने की साजिश, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज
बाराबंकी: पैतृक जमीन पर कब्जा करने की नीयत से एक बुजुर्ग को सरकारी अभिलेखों में मृत दर्शाकर फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने और परिवार रजिस्टर में उनकी मृत्यु दर्ज कराने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेजों के सहारे उनकी जमीन अपने नाम कराने की साजिश रची। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले में न्यायालय के आदेश पर थाना रामनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पैतृक जमीन हड़पने के लिए तैयार कराए फर्जी दस्तावेज
एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता छक्कन पुत्र स्वर्गीय भगेलू प्रसाद, निवासी ग्राम पारा, थाना जरवल रोड, जनपद बाराबंकी ने आरोप लगाया है कि उनके माता-पिता की मृत्यु बचपन में ही हो गई थी। ग्राम पारा में उनके नाम पैतृक मकान और गाटा संख्या 878ख में 5.590 हेक्टेयर भूमि दर्ज है। इस जमीन पर वह खेती करते आ रहे हैं और उनका कब्जा भी बना हुआ था। आरोप है कि रमेश वर्मा पुत्र देवराज और जवाहर लाल पुत्र राम ने अन्य लोगों के साथ मिलकर जमीन हड़पने की नीयत से फर्जी दस्तावेज तैयार कराए।
मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाकर परिवार रजिस्टर में दर्ज कराई मौत
शिकायतकर्ता का आरोप है कि 8 दिसंबर 2021 को अभिलेखों में उनकी कथित मृत्यु दर्शाई गई और 27 दिसंबर 2021 को मृत्यु प्रमाणपत्र जारी कराया गया। इसके आधार पर परिवार रजिस्टर में भी उनकी मृत्यु दर्ज करा दी गई। आरोप है कि उनके नाम से फोटो लगाकर ग्रामीण बैंक जरवल रोड में बचत खाता खुलवाने तथा नोटरी शपथपत्र सहित अन्य कागजात तैयार कराने की भी कोशिश की गई। हालांकि, ग्राम पंचायत अधिकारी ऋषभ पांडे ने बताया कि संबंधित मृत्यु प्रमाणपत्र को रिजेक्ट कर दिया गया था।
विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप
पीड़ित के मुताबिक, 1 सितंबर 2026 को वह विकासखंड रामनगर स्थित पंचायत कार्यालय गए थे। वहां से लौटते समय ब्लॉक कार्यालय से करीब 100 कदम आगे लखनऊ रोड पर दोनों नामजद आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पहले पुलिस को शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक और मुख्यमंत्री को भी प्रार्थनापत्र भेजा। इसके बाद न्यायालय की शरण ली।
कोर्ट के आदेश पर दो नामजद समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज
न्यायालय के आदेश पर थाना रामनगर में 1 नवंबर 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 447/2026 दर्ज किया गया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352, 351(3) और 318(4) के तहत दो नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: औरंगाबाद के जंगल में चल रही थी अवैध शराब की भट्ठी, पुलिस की छापेमारी से मचा हड़कंप