प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की

पीएम मोदी ने वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की टेक्सटाइल यूनिट का किया उद्घाटन

Prime Minister Narendra Modi

वाराणसी (उत्तर प्रदेश)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की नई परिधान (गारमेंट) निर्माण इकाई का उद्घाटन किया। 25 अक्टूबर को काशी पहुंचे प्रधानमंत्री के इस कदम से पूर्वांचल में औद्योगिक निवेश, विनिर्माण और महिला सशक्तीकरण को नई उड़ान मिलने की उम्मीद है।

महिला सशक्तीकरण और वैश्विक पहचान

वाराणसी में शुरू हुई अरविंद लिमिटेड की यह नई गारमेंट यूनिट मुख्य रूप से महिलाओं के नेतृत्व में संचालित होगी। स्थानीय महिलाओं को रोजगार देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना इस परियोजना का मुख्य ध्येय है।

अरविंद लिमिटेड का वैश्विक ग्राहक नेटवर्क होने के कारण वाराणसी में बने कपड़े सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचेंगे। इससे न केवल उत्तर प्रदेश का टेक्सटाइल सेक्टर मजबूत होगा, बल्कि भारत वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला (ग्लोबल सप्लाई चेन) में अधिक मजबूती से उभरेगा।

वायुसेना का 94वां स्थापना दिवस और एयर शो

औद्योगिक सौगात देने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय वायु सेना के 94वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य हवाई प्रदर्शन 'विंग्स ओवर गंगा' (Wings Over Ganges) में शामिल होंगे।

नमो घाट पर आयोजित होने वाले इस एरियल डिस्प्ले में प्रधानमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम से पूर्व वायुसेना की मशहूर 'सूर्य किरण एयरोबैटिक टीम' (SKAT) ने काशी के आसमान में अद्भुत कलाबाजियां दिखाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया स्वागत

प्रधानमंत्री के आगमन से पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनका स्वागत किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट शेयर करते हुए रक्षा मंत्री ने लिखा:

"काशी, भारतीय वायु सेना के 94 गौरवशाली वर्षों का जश्न मनाने के लिए आयोजित 'विंग्स ओवर गंगा' में वायु सेना की वीरता और ताकत की साक्षी बनने के लिए तैयार है। वाराणसी में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का हार्दिक स्वागत है, जो अपनी उपस्थिति से इस अवसर की शोभा बढ़ाएंगे। वाराणसी एक मजबूत, आत्मनिर्भर और नए भारत का प्रतीक है।"

आसमान में दिखेगा तीनों सेनाओं का पराक्रम

'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो में भारत की सैन्य शक्ति का अभूतपूर्व प्रदर्शन देखने को मिलेगा। इस शो में वायुसेना की 'सूर्य किरण' और 'सारंग हेलीकॉप्टर' टीमों के अलावा स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस, लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर प्रचंड, सुखोई-30MKI और राफेल जैसे फ्रंटलाइन फाइटर जेट्स अपनी ताकत दिखाएंगे।

इसके साथ ही IL-76, IL-78, C-295 और AN-32 जैसे मालवाहक विमान भी इस प्रदर्शन का हिस्सा हैं। तीनों सेनाओं के बीच संयुक्त परिचालन क्षमता (Jointness in operations) का प्रदर्शन करने के लिए भारतीय नौसेना और थल सेना के विमान भी इस फ्लाइपास्ट में हिस्सा ले रहे हैं। ​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: RBI गवर्नर का बड़ा बयान: 'रुपये के किसी स्तर को टारगेट नहीं करता सेंट्रल बैंक, स्थिरता हमारी प्राथमिकता'