वडोदरा में पीएम मोदी ने ₹35,000 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास, 2,800 किमी फ्रेट कॉरिडोर पूरा
वडोदरा (गुजरात)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में ₹35,000 करोड़ से अधिक की अहम विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। 2,800 किलोमीटर लंबे 'डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर' के पूरा होने को 21वीं सदी के भारत के लिए एक "ऐतिहासिक मील का पत्थर" बताते हुए पीएम ने पिछली सरकारों की प्रशासनिक सुस्ती पर तीखा प्रहार किया। पीएम मोदी ने 'नमो फॉर विकसित भारत' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक कनेक्टिविटी वर्तमान समय की सबसे बड़ी मांग है। इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में आए बदलावों का जिक्र करते हुए उन्होंने इन परियोजनाओं को देश की आर्थिक रफ्तार तेज करने वाला कदम बताया।
पहले की यूपीए सरकार की कार्यप्रणाली पर साधा निशाना
उन्होंने कहा, "आज मैं विकसित भारत की दिशा में हमारी यात्रा को और भी अधिक गति प्रदान करने के लिए आप लोगों के बीच आया हूं। कुछ देर पहले यहां शिलान्यास किए गए हैं और राष्ट्र के विकास से जुड़ी हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित की गई हैं।" लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में हुए अहम नीतिगत बदलावों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने सीधे तौर पर 2014 से पहले की यूपीए सरकार की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो फाइलें पहले सिर्फ दफ्तरों में धूल फांकती थीं, उन्हें मौजूदा सरकार ने जमीन पर उतारकर दिखाया है।
2004 में शुरू हुआ था फ्रेट कॉरिडोर का विचार
प्रधानमंत्री ने कहा, "यह डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर इस बात का प्रमाण है कि पिछले 12 वर्षों में देश का वर्क कल्चर कैसे बदला है। इस डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का विचार 2004 में शुरू हुआ था। 2006 में इस काम को करने के लिए एक विशेष कंपनी की स्थापना की गई, और 2014 तक फाइलें बस एक जगह से दूसरी जगह खिसकती रहीं।" सिस्टम की पुरानी लेटलतीफी पर तंज कसते हुए उन्होंने आगे कहा, "दुर्भाग्य से, देखिए कि इन फाइलों की किस्मत में भी एक डेडिकेटेड कॉरिडोर नहीं था। फाइलें अटक जाती थीं, लटक जाती थीं और यूं ही भटकती रहती थीं।"
गति शक्ति के साथ तेज कनेक्टिविटी पर जोर
देश में 'गति शक्ति' और सुगम कनेक्टिविटी की जरूरत पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने कहा, "विकसित भारत के लिए, हमें ऐसी कनेक्टिविटी की जरूरत है जो न केवल सुविधाजनक हो, बल्कि समय के साथ कदमताल करने के लिए पर्याप्त तेज भी हो। वडोदरा गति शक्ति विश्वविद्यालय का घर है।" फ्रेट कॉरिडोर के महत्व को समझाते हुए उन्होंने स्पष्ट किया, "आज, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की अंतिम कड़ियां भी यहीं से जुड़ गई हैं। 2,800 किलोमीटर से अधिक लंबा डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर प्रोजेक्ट आज पूरा हो गया है। 21वीं सदी के भारत के लिए वास्तव में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर हासिल किया गया है।"
रेलवे और हाईवे समेत कई परियोजनाएं शामिल
इन ₹35,000 करोड़ के मेगा प्रोजेक्ट्स में वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) के तीन प्रमुख सेक्शन के साथ-साथ रेलवे, हाईवे और गुजरात सरकार की अन्य बड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने शहर में चलाए गए 'स्वच्छता से स्वागत' अभियान में वडोदरा के नागरिकों की भारी जनभागीदारी की भी जमकर सराहना की।
'स्वच्छता से स्वागत' अभियान की पीएम ने की तारीफ
शहरवासियों का आभार जताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "विकास के इस उत्सव पर, जिस निस्वार्थ सेवा भाव के साथ आप सभी ने पूरे वडोदरा शहर में 'स्वच्छता से स्वागत' अभियान चलाया—उसके लिए, मैं अपने हृदय की गहराइयों से हर एक नागरिक को हार्दिक बधाई देता हूं और भूरि-भूरि प्रशंसा करता हूं। इस वर्ष लाल किले से, मैंने 'विकसित भारत' के लिए 'सप्तधारा' (सात संकल्पों) का आह्वान किया था। इन सात धाराओं में से एक 'गति शक्ति' है।" (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: वडोदरा में PM मोदी के कार्यक्रम को लेकर जबरदस्त उत्साह, एक घंटे में बुक हुईं सभी सीटें