कार्यक्रम के उपरांत उप मुख्यमंत्री ने प्रेस वार्ता

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में युवा, किसान और नारी शक्ति से विकसित भारत का संकल्प हो रहा साकार: केशव प्रसाद मौर्य

कानपुर नगर/लखनऊ, दिनांक 17.06.2026। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद कानपुर नगर में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभ वितरित किए। उन्होंने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता एवं जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में गरीब, किसान, युवा, महिला, श्रमिक एवं वंचित वर्ग के जीवन में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन

अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में गरीब, किसान, युवा, महिला, श्रमिक एवं वंचित वर्ग के जीवन में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन आया है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण, युवा सशक्तिकरण, किसान समृद्धि और नारी शक्ति के उत्थान के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को नई गति मिल रही है। आज देश का प्रत्येक नागरिक विकास यात्रा का सहभागी बन रहा है और सरकार की योजनाएं समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने का कार्य कर रही हैं।

उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न लाभार्थियों को बांटा लैपटॉप

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न लाभार्थियों को लैपटॉप, मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास की प्रतीकात्मक चाबी, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत अनुदान राशि के डमी चेक, श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत टूलकिट तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत लाभ प्रदान किया। इस अवसर पर लाभार्थियों ने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।

प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में प्रदेश में विकास के नए शिखर

उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में प्रदेश को विकास के नए शिखरों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तिकरण तथा किसानों के कल्याण के क्षेत्र में प्रदेश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त की हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे शिक्षा, कौशल विकास और नवाचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं तथा विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनें।

कार्यक्रम के बाद उप मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के साथ की प्रेस वार्ता 

कार्यक्रम के उपरांत उप मुख्यमंत्री ने पत्रकार बंधुओं के साथ प्रेस वार्ता भी की। उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा प्रदेश के विकास संबंधी विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है तथा प्रदेश के समग्र विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने पत्रकारों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का उत्तर देते हुए सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों और योजनाओं की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में बीजेपी के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और अधिकारी हुए शामिल

इस अवसर पर भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष शिवराम सिंह, सांसद रमेश अवस्थी, विधायक सुरेन्द्र मैथानी, विधायक महेश त्रिवेदी, अन्य जनप्रतिनिधिगण, पार्टी पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ेंः कानपुर नगर में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने केन्द्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का किया