बरेली जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड से POCSO एक्ट

बरेली जिला अस्पताल से POCSO आरोपी महिला बंदी फरार, दो महिला सिपाही सस्पेंड

POCSO Accused Woman Prisoner Escapes from Bareilly Hospital, Two Women Constables Suspended

बरेली (उत्तर प्रदेश)। बरेली जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड से बुधवार शाम पॉक्सो एक्ट की एक आरोपी महिला बंदी पुलिस अभिरक्षा को चकमा देकर फरार हो गई। घटना के बाद महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में गाज गिरते ही एसएसपी ने लापरवाही बरतने वाली दो महिला सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।

बाथरूम जाने का झांसा देकर हुई रफूचक्कर

इज्जतनगर के तुला गांव निवासी 48 वर्षीय ममता देवी पर पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। वह जिला जेल में बंद थी। 31 अगस्त को विशेष पॉक्सो कोर्ट (एडीजे) में पेशी के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

बुधवार शाम करीब 6 बजे की घटना

अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस लाइन से महिला हेड कांस्टेबल नूतन सिसौदिया और महिला कांस्टेबल रिंकी की ड्यूटी लगाई गई थी। बुधवार शाम करीब 6 बजे आरोपी महिला ने सिपाहियों से बाथरूम जाने की बात कही और चकमा देकर परिसर से गायब हो गई। काफी देर तक वापस न लौटने पर जब तलाश की गई, तो उसके फरार होने का अहसास हुआ।

एसएसपी का सख्त एक्शन, दबिश दे रही पुलिस

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी अनुराग आर्य ने ड्यूटी में घोर लापरवाही बरतने पर हेड कांस्टेबल नूतन सिसौदिया और कांस्टेबल रिंकी को सस्पेंड करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। फरार बंदी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

यह भी पढ़ेंः ईरान ने अमेरिकी हमलों की निंदा की, सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमले का दावा