चोरी के एक मामले में पुलिस ने एक युवक को आरोपी बना

बिना गिरफ्तारी 5 दिन थाने में रखा युवक, भागने पर पुलिस ने दर्ज किया फरारी का केस

Police Accused of Illegal Detention, Youth Booked After Escaping Custody

शाहपुर। मध्यप्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां चोरी के एक मामले में पुलिस ने एक युवक को आरोपी बनाए बिना ही गुपचुप तरीके से पांच दिनों तक थाने में हिरासत में रखा। हैरानी की बात यह है कि जब युवक मौका पाकर थाने से भाग निकला, तो पुलिस ने उसी के खिलाफ हिरासत से फरार होने का मामला दर्ज कर लिया।

शाहपुर थाना क्षेत्र का मामला

जानकारी के अनुसार, शाहपुर थाना क्षेत्र में हुई एक चोरी की घटना के बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर एक युवक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। आरोप है कि पुलिस ने उसे न तो गिरफ्तार दिखाया और न ही किसी केस में आरोपी बनाया। इसके बावजूद उसे लगातार पांच दिन थाने में रोक कर रखा गया।

मौका पाकर थाने की छत से भागा

यह भी कहा जाता है कि युवक से पूछताछ के दौरान कोई ठोस सबूत सामने नहीं आए। इसी बीच एक दिन वह थाने की छत के रास्ते से फरार हो गया। फिर पुलिस ने अपने ही कृत्य को छुपाने के बजाय युवक के खिलाफ आरोपी की हिरासत से भागने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।

बिना गिरफ्तारी, थाने रखना अवैध

कानून विशेषज्ञों का कहना है कि बिना गिरफ्तारी दिखाए किसी व्यक्ति को थाने में रखना अवैध हिरासत की श्रेणी में आता है, जो सीधे तौर पर संविधान और मानवाधिकारों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई का प्रावधान भी है। मामले सामने आने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। उच्च अधिकारियों ने मामले की जांच के संकेत दिए हैं। वहीं, मानवाधिकार संगठनों ने इस पूरे प्रकरण को गंभीर बताते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जब गिरफ्तारी नहीं तो हिरासत वैध कैसे

अब सवाल यह है कि जब युवक को आरोपी ही नहीं बनाया गया था, तो उसकी हिरासत कैसे वैध मानी जा सकती है? और अगर हिरासत अवैध थी, तो फरारी का केस किस आधार पर दर्ज किया गया। यह मामला एक बार फिर पुलिस की कार्यशैली और नागरिक अधिकारों की सुरक्षा पर गंभीर बहस को जन्म दे रहा है।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/congress-alleges-secret-cellars-human-trafficking-at-anandpur-dham-trust/106187

आनंदपुर आश्रम में सीक्रेट तहखाने, मानव तस्करी के आरोप