वायरल वीडियो के बाद पुलिस का एक्शन, कठेरिया परिवार पर हमले में आठ नामजदों पर मुकदमा
इटावा (उत्तर प्रदेश)। भरथना थाना क्षेत्र के सैफी गांव में कठेरिया परिवार के साथ हुई कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आठ नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित परिवार ने न्याय न मिलने का आरोप लगाते हुए रोते हुए वीडियो जारी किया था। वीडियो में परिवार की ओर से कई गंभीर आरोप लगाए गए थे और न्याय न मिलने पर गांव छोड़ने की बात कही गई थी।
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। इसके बाद पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आठ लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया। मुकदमे में पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट समेत मारपीट, बलवा, जातिसूचक गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी से संबंधित धाराएं शामिल की गई हैं।
नामजद आरोपितों की तलाश शुरू
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने नामजद आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से मामले की जांच क्षेत्राधिकारी भरथना को सौंपी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई से पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद जगी है। हालांकि मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस द्वारा आरोपितों की गिरफ्तारी और मामले में आगे की कार्रवाई पर अब लोगों की नजर है।
यह भी पढ़ेंः दिल्ली में सामान्य से अधिक दर्ज हुआ अधिकतम तापमान, शुक्रवार से हल्की बारिश का अनुमान: आईएमडी