अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस ने विभिन्न मामलों में 69 लोगों को किया गिरफ्तार
औरंगाबाद (बिहार)। अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा के निर्देशानुसार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में रविवार की रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई के फलस्वरूप 69 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 23 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
विभिन्न मामलों में 69 गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, साइबर अपराध में दो, हत्या के प्रयास में नौ, मद्य निषेध अधिनियम के तहत नौ तथा अन्य मामलों में 49 लोगों की गिरफ्तारी की गई। 55.30 लीटर देसी शराब, 30 लीटर स्प्रिट, एक ऑटो, एक कार, एक ट्रक, एक एसी, तीन मोबाइल, 20 टन कोयला बरामद किया गया है। वाहन जांच अभियान के तहत 1010 वाहनों की जांच की गई जिसमें 31500 रूपये शमन की राशि वसूल की गई। इसके अलावा 2000 लीटर महुआ घोल विनिष्ट एवं एक भट्ठी ध्वस्त किया गया है।
अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान जारी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ताकि अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी के पास भी नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी सूचना हो तो पुलिस से साझा करें सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
यह भी पढ़ेंः आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत, दो अन्य गंभीर रूप से घायल