दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, दो आरोपी हथियारों के साथ गिरफ्तार
जमुई: चंद्रमंडी थाना पुलिस ने दुर्गा पूजा के दौरान एक बड़ी आपराधिक साजिश को विफल करते हुए दो कुख्यात अपराधियों को अवैध आग्नेयास्त्र और भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ के साथ दबोच लिया। पकड़े गए अपराधियों के पास से करीब चार किलोग्राम बम बनाने वाला विस्फोटक पदार्थ, दो देशी कट्टा, छह जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है। सोमवार को चंद्रमंडी थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ राजेश कुमार ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर की रात पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ पूजा के मद्देनजर विधि-व्यवस्था संधारण व गश्त पर थे।
चीहरा पहाड़ी मोड़ पर पुलिस की घेराबंदी
इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि बसहरा की ओर से काले रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो अपराधी हथियारों से लैस होकर किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने चीहरा पहाड़ी मोड़ की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने चीहरा पहाड़ी मोड़ के पास सुनियोजित घेराबंदी की। संदिग्ध बाइक के पहुंचते ही जवानों ने दोनों को चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कारू यादव उर्फ जयप्रकाश यादव ग्राम लाहा, थाना सिमुलतला के पास से एक कट्टा, तीन कारतूस और पिंटू कुमार वर्मा निवासी कुड़वा, थाना सिमुलतला के पास से एक कट्टा व तीन कारतूस मिले। दोनों के पास मौजूद बैग से करीब चार किलो बारूद/विस्फोटक बरामद हुआ।
दोनों आरोपियों का बिहार-झारखंड में आपराधिक इतिहास
एसडीपीओ ने बताया कि दोनों का बिहार और झारखंड के सीमावर्ती जिलों में लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। कारू यादव पर चंद्रमंडी, चकाई, झाझा, देवघर और जसीडीह थानों में हत्या, डकैती, रंगदारी, विस्फोटक अधिनियम व आर्म्स एक्ट के करीब 10 संगीन मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र में हुई रंगदारी व जानलेवा हमले के मामले में भी वांछित था। वहीं, पिंटू वर्मा पर भी दहेज हत्या, लूट और पुलिस पर हमले जैसे गंभीर कांड दर्ज हैं।छापेमारी अभियान में थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार, अपर थानाध्यक्ष नंदन कुमार,रितेश कुमार,अमित कुमार, जिला आसूचना इकाई और जिला सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए विस्फोटक के स्रोत व नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
ये भी पढे़ं- बिजनौर में गन्ना मूल्य में 600 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ोतरी की मांग, भाकियू ने जताया आक्रोश