बगहा में वारंटी को छुड़ाने के लिए पुलिस टीम से भिड़े 15 लोग, थानाध्यक्ष समेत 5 पुलिसकर्मी चोटिल
बेतिया (बिहार)। बगहा में वारंटी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर हमला करने और गिरफ्तार आरोपी को पुलिस के कब्जे से छुड़ाने का मामला सामने आया है। नौरंगिया थाना क्षेत्र में बुधवार की रात हुई इस घटना में थानाध्यक्ष राज रौशन समेत पांच पुलिसकर्मियों के मामूली रूप से चोटिल होने की सूचना है। आरोप है कि अशोक बीन समेत करीब 15 लोगों ने पुलिस टीम के साथ बदसलूकी और मारपीट करते हुए गिरफ्तार वारंटी को छुड़ा लिया।
पुलिस के कब्जे से वारंटी को छुड़ाने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। दरअसल, बुधवार की रात नौरंगिया थाना में दर्ज एक मामले के अभियुक्त भूलन बीन और नागेंद्र बीन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम पहुंची थी। इस दौरान पुलिस ने नागेंद्र बीन को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि गिरफ्तारी के बाद अशोक बीन समेत करीब 15 लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस के कब्जे से नागेंद्र बीन को छुड़ा लिया।
पुलिसकर्मियों से मारपीट और बदसलूकी
इस दौरान पुलिस टीम के साथ कथित तौर पर बदसलूकी और मारपीट की गई। घटना में नौरंगिया थानाध्यक्ष राज रौशन समेत पांच पुलिसकर्मियों के मामूली रूप से चोटिल होने की खबर है। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। इस मामले में डीएसपी निहार भूषण ने बताया कि नौरंगिया थाने की पुलिस एक वारंटी को गिरफ्तार करने गई थी। इसी दौरान पुलिस टीम के साथ बदसलूकी की गई। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: शाजापुर में जुए के अड्डे पर पुलिस की दबिश, 8 आरोपी गिरफ्तार और 55,620 रुपये नकद जब्त