पुलिस ने बेरोजगारों और आम जनता को लालच देकर उनके ब

गरीबों के नाम पर खुलवाए 180 ‘म्यूल अकाउंट’, 15 करोड़ के अवैध लेन-देन का खुलासा

Police Bust ₹15 Crore Mule Account Cyber Fraud Racket

नरसिंहपुर। जिला पुलिस ने बेरोजगारों और आम जनता को लालच देकर उनके बैंक खातों का गलत इस्तेमाल करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस की अब तक की विवेचना में 180 खातों को 'म्यूल अकाउंट' के रूप में चिन्हित किया गया है। इन खातों के माध्यम से लगभग 15 करोड़ रुपये के अवैध लेन-देन की बात सामने आई है।

ऐसे काम करता था गिरोह

यह गिरोह गरीब और बेरोजगार लोगों को चंद रुपयों का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था। बाद में इन खातों, पासबुक और एटीएम कार्ड को गिरोह के सदस्य अपने कब्जे में ले लेते थे। इन 'म्यूल खातों' का उपयोग ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म, साइबर फ्रॉड (ठगी), सेक्सटॉर्शन, जैसे अवैध कार्यों के लिए किया जा रहा था।

पुलिस ने जालसाजों को भेजा जेल

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में एक विशेष टीम बनाई गई थी। पुलिस ने इस मामले में 10 जालसाजों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

35 सक्रिय खाते तुरंत बंद करवाये

कुल चिन्हित 180 खातों में से 35 सक्रिय खातों को पुलिस ने तुरंत बंद (freeze) करवा दिया है। आरोपियों के पास से 9 पासबुक, 4 एटीएम कार्ड और 9 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। विगत एक साल में साइबर फ्रॉड के प्रकरणों में 45 लाख रुपये होल्ड करवाए गए और 53 लाख रुपये असली खाताधारकों को वापस लौटाए गए।

इन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया

पुलिस ने आरोपियों प्रिंस जैन (करेली), राजेंद्र यादव (मुराछ-थाना ठेमी), राजा पटेल (मुराछ-थाना ठेमी), शिवम (मुराछ-थाना ठेमी), सूरज लोधी (सगौनी कला), अजय ओझा (चीचली), आनंद कहार (चीचली), वैभव कौरव (गाडरवारा), दशरथ उर्फ दस्सु लोधी (रातीकरार-थाना करेली), राघवेंद्र लोधी (बाबली) को गिरफतार किया है।

नरसिंहपुर के एसपी ऋषिकेश मीने ने कहा, शिकायतें कुछ समय से प्राप्त हो रही थीं, इसी के आधार पर यह बड़ी कार्रवाई की गई है।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/drone-attack-targets-us-embassy-in-baghdad/149188

बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर सुसाइडल ड्रोन हमला, ग्रीन जोन में मचा हड़कंप