राजनांदगांव जिले की चिचोला पुलिस और डोंगरगढ़ डिवीज

राजनांदगांव: अवैध डीजल रैकेट का भंडाफोड़; मैनेजर गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

Police Bust Illegal Diesel Racket, 610 Litres Seized

राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)। राजनांदगांव जिले की चिचोला पुलिस और डोंगरगढ़ डिवीजन की स्पेशल टीम ने अवैध रूप से डीजल के भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 610 लीटर डीजल और बिक्री की रकम बरामद की है। वहीं इस पूरे कारोबार का मुख्य आरोपी अतीक खान उर्फ जुम्मन खान फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

मुखबिर की सूचना पर ढाबे में पुलिस की रेड

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामपुर खातूटोला स्थित पाटेकोहरा आरटीओ बैरियर के पास संचालित यूपी प्रतापगढ़ ढाबा, जिसे जुम्मन ढाबा के नाम से जाना जाता है, वहां अवैध रूप से डीजल का भंडारण कर ट्रक चालकों को बेचा जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और एसडीओपी केसरीनंदन नायक के मार्गदर्शन में चिचोला पुलिस और स्पेशल टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।

पुलिस पहुंचते ही भागे खरीदार, मैनेजर गिरफ्तार

पुलिस के पहुंचते ही डीजल खरीदने आए कुछ लोग पीछे के रास्ते खेत और जंगल की ओर भाग निकले। मौके से बहादूर अली नामक व्यक्ति को पकड़ा गया, जो ढाबे में मैनेजर के रूप में कार्यरत था। पूछताछ में उसने बताया कि वह ढाबे में डीजल की खरीदी-बिक्री और रखरखाव का काम करता था। तलाशी के दौरान पुलिस ने विभिन्न प्लास्टिक जरीकेनों और केनों में भरा कुल 610 लीटर डीजल बरामद किया, जिसकी कीमत 62 हजार 830 रुपये आंकी गई है।

मुख्य आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस

इसके अलावा बिक्री से प्राप्त 500 रुपये नकद भी जब्त किए गए। इस प्रकार पुलिस ने कुल 63 हजार 330 रुपये का माल जब्त किया है। आरोपी डीजल के भंडारण और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 और 7 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी बहादूर अली को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस इस अवैध कारोबार के मुख्य आरोपी अतीक खान उर्फ जुम्मन खान की तलाश में जुटी हुई है और मामले की आगे जांच जारी है।

यह भी पढ़ें: कोरबा में दीवार से भिड़ी अनियंत्रित बाइक, एक की मौत व एक गंभीर