रायबरेली में पुलिस मुठभेड़, चोरी की साजिश रच रहे 5 बदमाश गिरफ्तार; 12.80 किलो चांदी बरामद
रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। में बेखौफ घूम रहे चोरों और अपराधियों पर पुलिस का काल बनकर टूट पड़ा है। बीती रात मिलएरिया और एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने एक ऐसे ही शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया, जो चोरी के माल का बंटवारा करने के साथ-साथ अगली बड़ी वारदात की पटकथा लिख रहा था। पुलिस की घेराबंदी देख बदमाशों ने गोलियां बरसानी शुरू कर दीं, लेकिन 'खाकी' के पलटवार में दो शातिर चोर पैरों में गोली लगने से चीख पड़े। मौके से पुलिस ने कुल 5 अभियुक्तों को दबोच लिया।
लोनियन का पुरवा नहर के पास रची जा रही थी साजिश
मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि थाना मिलएरिया क्षेत्र के ग्राम लोनियन का पुरवा स्थित शारदा नहर पुल के पास कुछ संदिग्ध गाड़ी खड़ी करके चोरी के जेवरातों का बंटवारा कर रहे हैं और अगली बड़ी डकैती की योजना बना रहे हैं। खबर मिलते ही एसओजी और मिलएरिया पुलिस हरकत में आई और मौके पर जाकर घेराबंदी शुरू कर दी।
'सरेंडर करो' सुनते ही चला दी गोली, जवाब में तड़पीं बंदूकें
पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों के हाथ-पांव फूल गए। खुद को घिरता देख उन्होंने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग झोंक दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका थर्रा उठा। हालांकि, सतर्क पुलिस टीम ने तुरंत पोजिशन ली और आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की ओर से हुई सटीक जवाबी फायरिंग में दो बदमाश पैर में गोली लगने से जमीन पर गिर पड़े और दर्द से कराहने लगे। उनके तीन अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगे, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने अदम्य साहस दिखाते हुए दौड़ाकर दबोच लिया।
गोली से घायल बदमाश अस्पताल में, 5 गिरफ्तार
पुलिस मुठभेड़ में घायल होने वाले बदमाशों की पहचान शिवकुमार व बबलू निवासी सीतापुर के रूप में हुई है। दोनों घायलों को इलाज के लिए तुरंत सीएचसी अमांवा भिजवाया गया। वहीं, मौके से पकड़े गए तीन अन्य साथियों में लवकुश,सागर वर्मा निवासी सीतापुर व राकेश उर्फ छोटे निवासी लखीमपुर खीरी के शामिल रहे।
तकिया चौराहा और अमेठी चोरी का राजफाश, 12 किलो से ज्यादा चांदी बरामद
इस गिरोह ने हाल ही में थाना मिलएरिया के तकिया चौराहा स्थित ज्वेलर्स की दुकान और अमेठी थाना मोहनगंज क्षेत्र में दुस्साहसिक चोरियों को अंजाम दिया था। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में माल और अवैध हथियार जब्त किए हैं। इनके पास से 12.80 किलोग्राम चांदी,2 तमंचा,2 खोखा कारतूस, 01 मिस कारतूस और 01 जिंदा कारतूस व वारदात में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट डिजायर कार बरामद हुई हैं।
कप्तान के सख्त निर्देश पर मिली बड़ी कामयाबी
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि एसपी रवि कुमार के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मिलएरिया व एसओजी टीम को यह बड़ी सफलता मिली है। मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया गया है। मौके से 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 12.80 किलो चांदी के आभूषण, अवैध असलहे और स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई है।
अमेठी मे हुई चोरियों में भी थे शामिल
यह गिरोह रायबरेली और अमेठी की ज्वेलर्स दुकानों में हुई चोरियों में शामिल था। अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की पड़ताल की जा रही है और अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। किसी भी सूरत में जिले में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ेंः इटावा में दर्दनाक सड़क हादसा, बारिश में बेकाबू कार डिवाइडर से टकराई; चार घायल