सुल्तानपुर में पुलिस-गौकशी के आरोपियों की मुठभेड़, एक घायल, दो गिरफ्तार
सुल्तानपुर,(उत्तर प्रदेश)। जनपद के थाना अखंडनगर क्षेत्र में बुधवार को पुलिस और कथित गौकशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके एक साथी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तीन अन्य आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
बदमाशों ने की पुलिस टीम पर फायरिंग
पुलिस के अनुसार थाना प्रभारी अखंडनगर को सूचना मिली थी, कि क्षेत्र में गौकशी करने वाला एक गिरोह सक्रिय है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नेमपुर की ओर से आने वाले रास्ते पर कुंदाभैरवपुर बाईपास के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध गौकशी के मुकदमे पहले से दर्ज
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अब्दुल सलाम निवासी प्यारेपुर हाजी, थाना चांदा, गोली लगने से घायल हो गया। वहीं उसका साथी रियाज, निवासी थाना चांदा, को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के विरुद्ध गौकशी से संबंधित मुकदमे पहले से दर्ज हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर भेजा गया है।
तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी
मौके से पुलिस ने एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, गोकशी में प्रयुक्त होने वाला सामान तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। फरार तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि पुलिस को मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी घायल हुआ है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ेंः इटावा में डबल डेकर बस के ब्रेक फेल, होटल में घुसी; 4 यात्री गंभीर घायल