सुल्तानपुर के मोतिगरपुर में देर रात पुलिस और बदमाश

सुल्तानपुर में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, दो बदमाश घायल; तीसरा साथी गिरफ्तार

Police Encounter in Sultanpur: Two Criminals Injured, One Arrested

सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश)। मोतिगरपुर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो शातिर बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके एक अन्य साथी को भी पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस टीम ने की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, मोतिगरपुर थाना पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने बताया कि बदमाशों की ओर से फायरिंग किए जाने पर पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में शिवम सिंह और रतन निषाद गोली लगने से घायल हो गए।

दोनों घायलों को हिरासत में लेकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल हिरासत में लेकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। वहीं, पुलिस टीम ने मौके से उनके तीसरे साथी सत्यम गौतम को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों अभियुक्तों से पुलिस द्वारा गहन पूछताछ की जा रही है।

अन्य आपराधिक घटनाओं में भी उनकी संलिप्तता की जांच जारी 

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे एवं उनकी निशानदेही पर अवैध तमंचा, पिस्टल, जिंदा एवं खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी के आधार पर पुलिस अन्य आपराधिक घटनाओं में भी उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही

मुठभेड़ और बदमाशों की गिरफ्तारी के संबंध में पुलिस अधीक्षक सुल्तानपुर विनीत जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें: अमेठी में झोलाछाप डॉक्टरों पर स्वास्थ्य विभाग का शिकंजा, 6 दुकानें बंद