बहराइच में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, इनामी हिस्ट्रीशीटर असलम गिरफ्तार
बहराइच {उत्तर प्रदेश} : बहराइच जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बौंडी थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में ₹25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर असलम घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घेराबंदी के दौरान हुई फायरिंग
पुलिस के अनुसार, संदिग्धों की घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में असलम घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नकदी और अवैध हथियार बरामद
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से ₹16 हजार नकद, चांदी के आभूषण, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार असलम पर जिले के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में भी वांछित चल रहा था।
एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही बहराइच के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अपराधियों को नहीं मिलेगी कोई राहत
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि “किसी भी प्रकार का अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।”
यह भी पढ़े: रायबरेली में भीषण सड़क हादसा; खराब ट्रक में घुसी अनियंत्रित बाइक, चालक की मौत, साथी गंभीर