यूपीटीईटी परीक्षा को लेकर अलर्ट रहा पुलिस प्रशासन, एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
गोंडा,(उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 के पहले दिन गुरुवार को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की चेकिंग, फ्रिस्किंग, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों को किया निर्देशित
एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और अनुचित साधनों का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
परीक्षा 2 से 4 जुलाई तक दो पालियों में होगी आयोजित
पुलिस प्रशासन के अनुसार परीक्षा 2 से 4 जुलाई तक दो पालियों में आयोजित की जा रही है। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ही भ्रमणशील पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
यह भी पढ़ेंः 7 दिन बाद भी नहीं घुली खाद! किसानों ने खोली कृषि सेवा केंद्र की पोल