मुरैना के होटल में पुलिस की दबिश, देह व्यापार के आरोप में 3 युवतियों समेत 4 हिरासत में
मुरैना (मध्य प्रदेश)। नेशनल हाईवे-44 स्थित कांहा पैलेस में देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदोरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कांहा पैलेस में दबिश देकर मौके से तीन युवतियों सहित एक युवक को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग मौके से भागने में सफल रहे, जिनकी पहचान पुलिस ने कर ली है।
कांहा पैलेस में देह व्यापार की मिली सूचना
पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा को सूचना मिली थी कि सैयद नहर के पास संचालित कांहा पैलेस में देह व्यापार का कारोबार चल रहा है। आरोप है कि होटल प्रबंधन की सहमति से युवतियों को होटल में बुलाया जाता था और ग्राहकों की मांग पर उन्हें उपलब्ध कराया जाता था।
सोमवार दोपहर करीब 3.30 बजे पुलिस टीम कांहा पैलेस पहुंची
सूचना के बाद एसपी ने नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदोरिया को कार्रवाई के निर्देश दिए। सोमवार दोपहर करीब 3.30 बजे पुलिस टीम कांहा पैलेस पहुंची और होटल की घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई से होटल में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से तीन युवतियों और एक युवक को हिरासत में लिया। पकड़े गए युवक की पहचान देह व्यापार के एजेंट के रूप में की गई है।
तीन से चार लोग मौके से भागे
पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान इस्लामपुरा के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान तीन से चार लोग मौके से भाग गए। पुलिस ने उनकी पहचान कर ली है और अब उनकी तलाश की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे मामले में होटल प्रबंधन और अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
कुल सात लोगों के खिलाफ देह व्यापार का प्रकरण दर्ज
पुलिस ने मामले में कुल सात लोगों के खिलाफ देह व्यापार का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद होटल में चल रही कथित गतिविधियों को लेकर कई सवाल भी खड़े हुए हैं। पुलिस अब होटल में युवतियों को बुलाने वाले लोगों, एजेंटों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ शुरू
फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: रक्षाबंधन 2026: 28 अगस्त को बंधेगी राखी, जानें शुभ समय और भद्राकाल