गोण्डा के पृथ्वीनाथ मोड़ पर पुलिस ने अवैध पटाखों क

गोण्डा में अवैध पटाखों के गोदाम पर पुलिस का छापा, 555 सुतली बम समेत भारी मात्रा में पटाखे बरामद

अवैध पटाखों के गोदाम पर पुलिस का छापा

गोण्डा: दीपावली के त्योहार के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को थाना कौड़िया पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पृथ्वीनाथ मोड़ स्थित एक गोदाम पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए। पुलिस ने मौके से पटाखों का भंडारण करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पृथ्वीनाथ मोड़ के गोदाम से 555 सुतली बम बरामद

पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को थाना कौड़िया के उपनिरीक्षक अमन कन्नौजिया, चौकी प्रभारी आर्यनगर, हमराह पुलिस बल के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि पृथ्वीनाथ मोड़ स्थित एक गोदाम में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल गोदाम पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान एक बोरी में 555 अदद पटाखे (सुतली बम) तथा एक कार्टून थैले में विभिन्न प्रकार के अन्य पटाखे बरामद हुए।

बिना लाइसेंस पटाखे रखने पर आरोपी गिरफ्तार

मौके पर मौजूद व्यक्ति से पुलिस ने पटाखों के भंडारण एवं बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान फैयाज पुत्र महरूम निवासी ग्राम बीरपुर भोज, थाना खरगूपुर, जनपद गोण्डा के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में थाना कौड़िया पर मु0अ0सं0 270/2026 के तहत धारा 9बी विस्फोटक अधिनियम, 1884 एवं धारा 288 बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, बिना वैध लाइसेंस पटाखों का भंडारण करने और उनके असुरक्षित रख-रखाव के मामले में अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अवैध पटाखों के भंडारण पर पुलिस की सख्ती जारी

त्योहारों के दौरान पटाखों की मांग बढ़ने के साथ ही अवैध भंडारण और बिक्री की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में पुलिस द्वारा की जा रही छापेमारी को सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बिना अनुमति पटाखों का भंडारण आसपास के लोगों के लिए भी जोखिम पैदा कर सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अमन कन्नौजिया, हेड कांस्टेबल नागेन्द्र प्रसाद और कांस्टेबल जसीम अहमद शामिल रहे।

ये भी पढ़ें- बिहार के युवाओं का पायलट बनने का सपना होगा आसान, दरभंगा एयरपोर्ट पर खुलेगा ट्रेनिंग सेंटर