रीवा में प्रसूता कल्पना मिश्रा और नवजात की मौत के

रीवा में प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे कांग्रेस विधायक को अपने साथ ले गई पुलिस

कांग्रेस विधायक को अपने साथ ले गई पुलिस

रीवा: रीवा के गांधी मेमोरियल अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत के मामले को लेकर रीवा में चल रहा विरोध-प्रदर्शन एक बार फिर गरमा गया है। सिरमौर चौराहे पर अनशन स्थल पहुंचे कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा को पुलिस अपने साथ पुलिस कंट्रोल रूम ले गई। बताया जा रहा है कि विधायक अभय मिश्रा मृतका कल्पना मिश्रा के पिता के समर्थन में अनशन स्थल पहुंचे थे। 

प्रशासन और पुलिस बल पहले से मौके पर था तैनात

उनके साथ कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद थे। मौके पर प्रशासन और पुलिस का बल पहले से तैनात था। SDM अनुराग तिवारी ने बताया कि विधायक बिना पूर्व सूचना और अनुमति के समूह के साथ अनशन स्थल पर बैठे थे। प्रशासन के अनुसार, बिना अनुमति समूह में बैठने की स्थिति में कार्रवाई की गई और विधायक को वहां से पुलिस कंट्रोल रूम ले जाया गया।

ये है पूरा मामला

बता दें, 26 अगस्त को रीवा के गांधी मेमोरियल अस्पताल में प्रसूता कल्पना मिश्रा और नवजात की मौत के बाद से ही मामले को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन हो रहे हैं। मृतका के पिता करीब 14 दिनों तक सिरमौर चौराहे पर अनशन पर बैठे रहे। बीते दिन प्रशासन ने अनशनकारी पिता को धरना स्थल से हटाकर अस्पताल में भर्ती कराया था। 

मजिस्ट्रियल जांच अभी भी जारी

इसके बाद आज उनके समर्थन में पहुंचे कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा को भी पुलिस द्वारा वहां से ले जाने का मामला सामने आया है। मामले में प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जा चुकी है, जबकि मजिस्ट्रियल जांच अभी जारी है। ऐसे में आज की कार्रवाई के बाद एक बार फिर रीवा में राजनीतिक और प्रशासनिक माहौल गरमा गया है। 

ये भी पढ़ें- बच्चों के झगड़े में भिड़े बड़े, चाकू लगने से घायल युवक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम