कानपुर में बारिश से मकान ढहने पर परिवार बेघर हो गय

कानपुर में बारिश से ढहा गरीब का कच्चा मकान, पीएम आवास के लिए मुख्यमंत्री से गुहार

कानपुर में बारिश से ढहा गरीब का कच्चा मकान

कानपुर: कानपुर के विकास खंड पतारा अंतर्गत ग्राम पंचायत तिलसड़ा में एक गरीब परिवार पर भारी बारिश आफत बनकर टूटी। भारी बारिश के कारण तिलसड़ा निवासी प्रशांत द्विवेदी का कच्चा मकान ढह गया, जिससे पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है। इस संबंध में पीड़िता आकांक्षा (पत्नी प्रशांत द्विवेदी) ने उत्तर प्रदेश जनसुनवाई (IGRS) पोर्टल के जरिए मुख्यमंत्री से न्याय और प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।

​​जर्जर मकान ढहने के बाद भी नहीं मिला आवास

मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र में पीड़िता ने ग्राम प्रधान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, परिवार अत्यंत निर्धन और आर्थिक रूप से कमजोर है। उनके पास रहने के लिए केवल एक कच्चा मकान था, जिसकी दीवारें व छत पहले से ही जर्जर स्थिति में थीं। हाल ही में हुई बारिश में वह मकान भी पूरी तरह जमींदोज हो गया। आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना की सभी पात्रता शर्तें पूरी करने के बावजूद ग्राम प्रधान द्वारा उन्हें योजना का लाभ नहीं दिया गया। पीड़िता का कहना है कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हुई, जबकि नियमों की अनदेखी करते हुए अपात्र लोगों को आवास आवंटित कर दिए गए।

बारिश में मकान ढहने से बेघर हुआ परिवार

मकान गिर जाने के बाद से पीड़ित परिवार के पास न तो कोई पक्की छत बची है और न ही रहने का कोई सुरक्षित ठिकाना। खुले में रहने के कारण परिवार को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और हर समय जान-माल का खतरा बना हुआ है। पीड़िता ने जनसुनवाई पोर्टल (संदर्भ संख्या: 40016426117012) के माध्यम से प्रशासन और मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और बेघर हुए परिवार को तत्काल प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पक्का मकान स्वीकृत कराया जाए। 

ये भी पढ़ें- सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में सेना की वर्दी पहनकर पहुंचे व्यक्ति पर ठगी का आरोप, पुलिस जांच में जुटी