सीहोर में हाथ से उखड़ रही एक दिन पहले बनी सड़क, घोटाले का आरोप
सीहोर। जिले के इछावर क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनी सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि एक दिन पहले बनी सड़क हाथ से ही उखड़ने लगी, जिससे निर्माण कार्य में भारी भ्रष्टाचार की आशंका जताई जा रही है।
डामर की जगह काला तेल प्रयोग किया गया
ग्रामीणों के अनुसार करीब 4 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण में डामर की जगह ‘काला तेल’ इस्तेमाल किया गया, जिसके कारण सड़क की परत बेहद कमजोर है। हालत यह है कि सड़क पर हल्का दबाव डालते ही गिट्टी और डामर अलग हो जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह सड़क काला पीपल जागीर से लसूडिया कांगर तक बनाई गई है। सड़क बनने के अगले ही दिन उसकी परत उखड़ने के वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ने लगा।
ग्रामीणों ने की सीएम हेल्पलाइन पर की शिकायत
ग्रामीणों ने इस मामले को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर सामूहिक शिकायत दर्ज कराई है और निर्माण एजेंसी के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क से रोजाना स्कूली बच्चे, किसान और ग्रामीण आवागमन करते हैं, लेकिन घटिया निर्माण के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच के निर्देश दिए जाने की बात कही जा रही है। जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग ग्रामीण लगातार कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/three-dead-two-women-injured-in-overloaded-vehicle-accident/132359