लखनऊ में फिर शुरू हुई पोस्टर पॉलिटिक्स, 2027 के लिए अखिलेश यादव के नेतृत्व का संदेश
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। में एक बार फिर पोस्टर वार ने राजनीतिक गलियों में हलचल तेज कर दी है। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश कार्यालय के बाहर लगाए गए नए पोस्टरों ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। पोस्टरों के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में आगामी चुनाव लड़ने का स्पष्ट संदेश देने का प्रयास किया है।
सपा ने सत्ता में वापसी का किया दावा
पोस्टरों में बड़े अक्षरों में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का उल्लेख किया गया है और यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि पार्टी एक बार फिर अखिलेश यादव के नेतृत्व में सत्ता में वापसी की तैयारी कर रही है। पोस्टरों में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीर को प्रमुखता से स्थान दिया गया है, वहीं सपा विधायक पंकज मलिक की तस्वीर भी पोस्टर का हिस्सा बनी हुई है।
कार्यकर्ता सोमिल सिंह श्रीनेत ने लगाए गए पोस्टर
जानकारी के अनुसार, ये पोस्टर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सोमिल सिंह श्रीनेत द्वारा लगाए गए हैं। पोस्टर लगते ही पार्टी कार्यालय के बाहर लोगों की नजरें उन पर टिक गईं और राजनीतिक गलियारों में इनके अलग-अलग मायने निकाले जाने लगे। हालांकि, पार्टी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में पोस्टर वार काफी पुराना
उत्तर प्रदेश की राजनीति में पोस्टर वार कोई नई बात नहीं है। चुनाव नजदीक आने के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता पोस्टरों और बैनरों के माध्यम से अपनी राजनीतिक रणनीति और संदेश जनता तक पहुंचाने का प्रयास करते रहे हैं। ऐसे में सपा कार्यालय के बाहर लगे इन पोस्टरों को भी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और कार्यकर्ताओं के उत्साह से जोड़कर देखा जा रहा है।
पोस्टर पॉलिटिक्स और तेज होने की संभावना
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस तरह के पोस्टर न केवल कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने का माध्यम होते हैं, बल्कि जनता के बीच पार्टी की सक्रियता और चुनावी संदेश पहुंचाने का भी एक तरीका हैं। आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में इस तरह की पोस्टर पॉलिटिक्स और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
यह भी पढ़ेंः कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर का सपा पर तीखा हमला, पार्टी में टूट की जताई आशंका