'सब्जी काटते समय हुई मौत' की कहानी निकली झूठी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला हत्या का राज
मध्यप्रदेश : नरसिंहपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने रिश्तों पर एक बार फिर दाग लगा दिया है। जहां एक ननद ने अपनी ही भाभी की गला दबाकर हत्या कर दी और मृतिका के पति ने साक्ष्य छुपाने का षड्यंत्र रचकर पुलिस व स्थानीय मीडिया को झूठी कहानी सुना दी।
संदिग्ध मौत से शुरू हुई जांच
जानकारी अनुसार यह मामला नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कमोद का है, जहां कोविड काल में गांव के भवानी उर्फ भूपेंद्र छिरा से प्रेम विवाह करने वाली 30 वर्षीय महिला दुर्गा उर्फ रागनी लोधी की 10 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक मौत हो गई थी। महिला के पति एवं अन्य परिजनों ने स्थानीय पुलिस और मीडिया को बताया था कि महिला घर में सब्जी काट रही थी। इसी दौरान वह अचानक बेहोश हो गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया और मामला संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला बड़ा राज
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ऐसा खुलासा हुआ कि पुलिस भी हैरान रह गई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस तत्काल मृतका के घर पहुंची और उसके पति समेत कुछ लोगों को हिरासत में लेकर गंभीरता से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि मृतका दुर्गा उर्फ रागिनी लोधी के पति भवानी उर्फ भूपेंद्र छिरा की मौसी की बेटी सोनिया सिलावट, निवासी ग्राम सरेलू, जो रिश्ते में उसकी ननद लगती है, अपने पति को छोड़कर पिछले छह साल से भवानी के घर रह रही थी। बताया गया कि सोनिया और भवानी के बीच अवैध संबंध थे, जिसकी जानकारी मृतका को हो गई थी। घटना से एक दिन पहले इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था और अगले दिन फिर कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद के दौरान कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि सोनिया ने अपनी भाभी दुर्गा बाई का गला मरोड़ दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद भवानी ने साक्ष्य छिपाने की कोशिश की और पुलिस को यह झूठी कहानी सुनाई कि उसकी पत्नी की मौत सब्जी काटते समय अचानक हुई थी। पूरे मामले की जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनिया सिलावट और साक्ष्य छिपाने व झूठी कहानी रचने के आरोप में भवानी उर्फ भूपेंद्र छिरा को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238(ए) और 3(5) के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।
यह भी पढ़े: 11000 वोल्ट लाइन के स्टे तार में उतरा करंट, तीन भैंसों की मौत; किसान को दो लाख का नुकसान