गोरखपुर मामले में युवक की मौत का पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा, पुलिस ने दी जानकारी
Gorakhpur : 16 सितंबर की देर रात ग्रामीणों के साथ झड़प के दौरान पशु तस्करों ने 19 वर्षीय दीपक की हत्या कर दी. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में पिपराइच थानाक्षेत्र के मऊआचापी गांव का मामला है. पुलिस ने कहा कि दीपक गुप्ता की सिर में चोट लगने से मौत हुई थी. इससे पहले शुरुआत में पुलिस ने कहा था कि युवक को मुंह में गोली मारी गई थी.
गोरखपुर के एसएसपी राजकरण नैयर ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद पता चला कि एंटीमाटम हेड इंजरी से मौत हुई है. पशु तस्कर की पिकअप फंस गई थी. उसे ग्रामीणों ने पकड़ा था. पशु तस्कर की टीम बाहर से है. पुलिस की पांच टीमें पशु तस्करों को पकड़ने में लगी हुई हैं.
'गोरखपुर में भी अपराध चरम पर..'
पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) शिव एस. चन्नप्पा और एसएसपी राज करण नैयर पीड़ित परिवार से मिले. उन्होंने कहा कि एक आरोपी पकड़ा गया है. हमने परिवार से बात की है और उनकी मांगों पर चर्चा की है. स्थानीय और उच्च स्तर पर जो भी सहायता प्रदान की जा सकती है, वह सुनिश्चित की जाएगी. सबसे पहले, पोस्टमॉर्टम किया जाएगा और अंतिम संस्कार किया जाएगा. उसके बाद हम परिवार के साथ फिर से बातचीत करेंगे.
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर वीडियो पोस्ट किया. उन्होंने लिखा कि गोरखपुर में शासनिक-प्रशासनिक मिलीभगत से सत्ता संरक्षित पशु तस्करों के ख़िलाफ़ जनता का जो गुस्सा फूटा है. उसके लिए जिम्मेदार भाजपा सरकार ख़ुद है. उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश के ‘मुख्यनगर’ (मुख्यमंत्री का गृह जिला) में ऐसा हो रहा है तो इसका मतलब है कि इस गोरखधंधे में किसी की मुख्य साझेदारी है या उसके हाथ से यह नगर भी निकल गया है. पूरे उत्तर प्रदेश की तरह गोरखपुर में भी अपराध चरम पर है.