रायबरेली के सलोन में आलू व्यापारी पर हमला: 40 हजार नकदी और सोने की चेन लूटी, पुलिस कर रही पड़ताल
रायबरेली {उत्तर प्रदेश}: जनपद के सलोन कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नवीन कृषि मंडी से घर लौट रहे एक आलू व्यापारी पर घात लगाए बदमाशों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमलावर व्यापारी से 40 हजार रुपये नकद और 10 तोले की सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल व्यापारी को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मंडी से घर लौट रहा था व्यापारी
रामीपुर गांव निवासी आलू व्यापारी दिवाकर पटेल मंगलवार रात करीब 9 बजे नवीन कृषि मंडी से अपनी बाइक द्वारा घर वापस लौट रहे थे। वह उस समय आलू बिक्री से मिले कुल 1,40,000 रुपये लेकर जा रहे थे।
रास्ते में घेरकर किया हमला
जब वह हवेली रेस्टोरेंट के समीप उसरी माइनर के पास पहुंचे, तो पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें बाइक समेत सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद बदमाशों ने उनकी जेब से 40 हजार रुपये और गले से सोने की चेन छीन ली।
शोर मचाने पर फरार हुए बदमाश
बदमाशों ने व्यापारी के पास मौजूद बाकी एक लाख रुपये भी छीनने की कोशिश की, लेकिन दिवाकर पटेल ने तुरंत चीख-पुकार मचा दी। आसपास के लोगों को अपनी तरफ आते देख बदमाश मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से लहूलुहान व्यापारी को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के संबंध में सीओ यादुवेंद्र बहादुर ने बताया कि कोतवाली प्रभारी से इस मामले की विस्तृत जानकारी ली गई है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पैसे के लेनदेन के विवाद में मारपीट होने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने मौके से एक बाइक कब्जे में ले ली है और लूट के सभी पहलुओं व बिंदुओं की गहराई से पड़ताल की जा रही है।
ये भी पढ़ें: पीलीभीत में फर्जी आयुष्मान कार्ड का खुलासा, एक आईडी पर बने 1,480 संदिग्ध कार्ड