रविवार को मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सेंट्रल कॉलो

चंदौली में सड़क के गड्ढों ने बिगाड़ा बोलेरो का संतुलन, बड़े नाले में जा गिरी गाड़ी

Pothole Causes Bolero to Plunge Into Drain in Chandauli

चंदौली {उत्तरप्रदेश}: रविवार को मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सेंट्रल कॉलोनी में सड़क की बदहाली के बीच एक बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने बड़े नाले में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। संयोग रहा कि वाहन में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

गड्ढों के कारण बिगड़ा वाहन का संतुलन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सेंट्रल कॉलोनी की सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है। रविवार को एक बोलेरो इसी मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बोलेरो सड़क किनारे स्थित बड़े नाले में जा गिरी। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं।

मौके पर जुटी भीड़, चालक को बाहर निकाला

बोलेरो के नाले में गिरते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने चालक को बाहर निकाला और घटना की जानकारी संबंधित लोगों को दी। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जुट गई। इसके बाद क्रेन की मदद से नाले में गिरी बोलेरो को बाहर निकाला गया।

DFCCIL कर्मचारियों को लाने-ले जाने में होती है इस्तेमाल

बताया जा रहा है कि उक्त बोलेरो का संचालन डीएफसीसीआईएल (DFCCIL) के कर्मचारियों को लाने-ले जाने के लिए किया जाता है। हादसे के समय वाहन में केवल चालक ही सवार था। यदि वाहन में कर्मचारी भी मौजूद होते तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था।

सड़क और नाले की सुरक्षा पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों ने सड़क पर बने गड्ढों और नाले के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति में सुधार और नाले के किनारे सुरक्षा इंतजाम किए जाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

ये भी पढ़ें: अगर हम भाजपा में होते, तो हम राजा हरिश्चंद्र होते': लारा मामले में कोर्ट में पेशी के बाद तेजस्वी यादव का बयान