दिल्ली-जयपुर हाईवे पर पलटा पाउडर से भरा ट्रेलर, चंद सेकंड में टला बड़ा हादसा
कोटपूतली-बहरोड़,(राजस्थान)। दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर पिला जोहड़ के पास शुक्रवार दोपहर को एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रेलर चालक घायल हो गया, जबकि हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। गनीमत रही कि ट्रेलर पलटने के बावजूद कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।
कार को बचाने के प्रयास में ट्रेलर का बिगड़ा संतुलन
घायल चालक सोहेल ने बताया कि वह गुजरात के मुंद्रा पोर्ट से पाउडर के कट्टों से भरा ट्रेलर लेकर भिवाड़ी जा रहा था। पिला जोहड़ के पास सामने से आ रही एक कार ने अचानक ओवरटेक करने का प्रयास किया। कार को बचाने के प्रयास में ट्रेलर का संतुलन बिगड़ गया और वह हाईवे पर पलट गया।
क्रेन की मदद से ट्रेलर को हटाया
हादसे में चालक सोहेल के हाथ और कमर में चोटें आई हैं। वहीं क्रेन की मदद से ट्रेलर को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई, जिससे हाईवे पर यातायात को सुचारु कराया जा सके। ट्रेलर में पाउडर के कट्टे भरे हुए थे, जो पलटने के बाद सड़क किनारे बिखर गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सामने से कार द्वारा लापरवाही से ओवरटेक किए जाने के कारण यह दुर्घटना हुई।
यह भी पढ़ेंः मथुरा में कल से पल्स पोलियो अभियान शुरू, 5 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक दो बूंद