तुरकौलिया में बिजली के जले हुए ट्रांसफार्मर की जगह

ट्रांसफार्मर जलने से 15 दिनों से अंधेरा, भड़के ग्रामीणों ने अरेराज-मोतिहारी मुख्य मार्ग किया जाम

Power Outage Sparks Road Blockade in Turkaulia

मोतिहारी (बिहार)। तुरकौलिया में बिजली के जले हुए ट्रांसफार्मर की जगह नए ट्रांसफार्मर न मिलने के विरोध में करीब 200 उपभोक्ताओं ने आज सोमवार को अरेराज-मोतिहारी मुख्य सड़क मार्ग जाम कर दिया। जाम की वजह से करीब एक घंटे तक सड़क संचालन बाधित रहा और ग्रामीणों व यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

15 दिनों से अंधेरे में तीन वार्ड, लोगों का फूटा गुस्सा

उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि तुरकौलिया मध्य पंचायत के तीन वार्डों में करीब 15 दिनों से बिजली सप्लाई बंद है, जिससे घरों के साथ-साथ दुकानों और कृषि संबंधी कार्यों पर भी असर पड़ा है। ग्रामीण दीपक साह, देवेंद्र कुमार, संजय कुमार, संजीत कुमार, संतोष कुमार, बबलू कुमार, रविशंकर कुमार, राजकुमार, नीरज कुमार, गिरजा देवी, शिला देवी, अनिता देवी, संतोषी देवी, बबिता देवी, ललिता देवी, कमलेश कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि कई बार बिजली विभाग से शिकायत करने पर भी समस्या का ठोस समाधान नहीं मिला।

प्रशासन के आश्वासन पर खत्म हुआ आंदोलन

जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सीओ संतोष कुमार, बीडीओ संतोष राज और एएसआई कन्हैयालाल ने उपभोक्ताओं से संवाद कर उन्हें आश्वस्त किया तथा जाम हटाने के लिए बातचीत की। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने मार्ग से हटकर आवाजाही बहाल कर दी।

एक सप्ताह में ट्रांसफार्मर लगाने का दावा

बिजली विभाग के जेई ने बताया कि नए ट्रांसफार्मर लगाने के लिए अनुमानित लागत का स्टिमेट तैयार कर विभाग को भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और एक सप्ताह के अंदर ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन व बिजली विभाग से शीघ्र कार्रवाई की मांग दोहराई और कहा कि नियमति और निश्चिंत बिजली आपूर्ति मिलने पर ही इलाके में विकास व रोज़मर्रा के कार्य सुचारू रूप से चल सकेंगे।

यह भी पढ़ें: हनुमान बेनीवाल की सुरक्षा कटौती के विरोध में आरएलपी का प्रदर्शन, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप