प्रतापगढ़ में भीषण सड़क हादसा: डंपर की टक्कर से पति-पत्नी समेत तीन की मौत, 6 साल का बच्चा घायल
प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश)। बाघराय थाना क्षेत्र के छेउंगा चौराहे के पास सेवा नहर पर बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतकों की पहचान रीता (45), उनके पति हैदर (48) और नोखे लाल (40) के रूप में हुई है। वहीं, घायल बच्चे की पहचान नोखे लाल के छह वर्षीय बेटे शुभम के रूप में हुई है।
एक ही बाइक पर सवार थे चार लोग
जानकारी के मुताबिक, कुंडा क्षेत्र के गैसपुर दुखीपुर निवासी रीता अपने पति हैदर और नोखे लाल के साथ छह वर्षीय शुभम को लेकर प्रयागराज के मऊआइमा स्थित मायके की ओर जा रही थीं। इसी दौरान छेउंगा चौराहे के पास सेवा नहर पर उनकी बाइक डंपर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने डंपर को कब्जे में लिया
हादसे की सूचना मिलते ही बाघराय थाना प्रभारी श्रवण कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाघराय भेजे। गंभीर रूप से घायल शुभम को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी श्रवण कुमार ने बताया कि छेउंगा नहर के पास डंपर की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि एक बच्चा घायल हुआ है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है।
यह भी पढ़ें: बरेली में दिव्यांग दीपचंद्र सक्सेना की संदिग्ध मौत, संपत्ति विवाद में छोटे भाई पर हत्या का आरोप