प्रयागराज: उमर अहमद के काफिले की 28 गाड़ियों के ड्राइवरों पर FIR, टोल बैरियर तोड़ने का आरोप
प्रयागराज (उत्तर प्रदेश)। माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद को लेकर लखनऊ से प्रयागराज आ रहे काफिले की 28 गाड़ियों के चालकों के खिलाफ नवाबगंज थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि नवाबगंज टोल प्लाजा पर काफिले में शामिल वाहनों ने टोल बैरियर तोड़कर बिना शुल्क दिए निकलने की कोशिश की। इस दौरान टोल कर्मचारियों से कथित तौर पर मारपीट और उन्हें कुचलने का प्रयास भी किया गया।
टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक जयप्रकाश यादव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। तहरीर के मुताबिक घटना रात करीब 3:50 बजे टोल बूथ नंबर-3 पर हुई। उमर अहमद को पुलिस स्कोर्ट के साथ लखनऊ से प्रयागराज लाया जा रहा था। टोल बैरियर तोड़कर निकलने का आरोप सरकारी वाहनों के गुजरने के बाद पीछे से कई वाहन एक साथ टोल प्लाजा पहुंचे। आरोप है कि काफिले में शामिल वाहनों के चालकों ने टोल शुल्क दिए बिना तेज रफ्तार में बैरियर तोड़कर निकलना शुरू कर दिया।
वाहन तेज रफ्तार में टोल प्लाजा से निकले
टोल कर्मचारियों ने वाहनों को रोकने की कोशिश की तो उनके साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया। तहरीर में यह भी आरोप है कि कुछ वाहन चालकों ने टोल कर्मचारियों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। कर्मचारी किसी तरह तेजी से किनारे हटे और अपनी जान बचाई। इसके बाद वाहन तेज रफ्तार में टोल प्लाजा से निकल गए। इस दौरान टोल प्लाजा का बैरियर भी क्षतिग्रस्त हो गया।
सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी
शिकायतकर्ता ने बिना टोल शुल्क दिए वाहनों के निकलने से राजस्व की क्षति होने की बात भी कही है। शिकायत में कुछ वाहनों के नंबर अधूरे होने और कई वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं होने का भी उल्लेख किया गया है। CCTV फुटेज से होगी जांच नवाबगंज थाना प्रभारी पंकज अवस्थी के मुताबिक टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, टोल कर्मचारियों के बयान और तहरीर में दर्ज वाहनों के नंबरों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय कौन-कौन से वाहन टोल प्लाजा से गुजरे और बैरियर को किस वाहन से नुकसान पहुंचा। मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः भारत-बांग्लादेश संबंधों में अहम कदम, भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी कल PM तारिक रहमान से करेंगे मुलाकात