गर्भवती महिला का नदी में उतराता मिला शव, हड़कंप
रायबरेली: हरचंदपुर थाना क्षेत्र के लालूपुर खास गांव स्थित श्री आस्तिक स्वामी मंदिर के निकट बुधवार को सई नदी में संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान लक्ष्मी वर्मा (30), पत्नी धर्मराज वर्मा निवासी छतैया के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीण की नजर पड़ते ही मची हलचल
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब दो बजे एक ग्रामीण अपने मवेशियों को पानी पिलाने के लिए सई नदी के किनारे गया था। इसी दौरान उसकी नजर पुल के नीचे नदी में औंधे मुंह पड़े एक महिला के शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने नदी से बाहर निकाला शव
मौके पर पहुंचे हेड कांस्टेबल गौरव पटेल ने नदी में उतरकर शव को बाहर निकाला। पुलिस द्वारा मृतका के पास से बरामद पर्स, मोबाइल सिम और रायबरेली विधानसभा की एक पर्ची के आधार पर उसकी शिनाख्त की गई।
मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका की मां ज्ञानवती ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था। उनका कहना है कि घटना वाले दिन सुबह दामाद का फोन आया था, लेकिन बेटी से बात नहीं कराई गई।
चार माह की गर्भवती थी लक्ष्मी
परिजनों के अनुसार, लक्ष्मी चार माह की गर्भवती थी और उसकी एक पांच वर्षीय पुत्री उन्नति भी है। गर्भवती महिला की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है और शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े: मोदी-ट्रंप बातचीत, नाविक सुरक्षा पर जोर