मैनपुरी में 8 माह की गर्भवती महिला संदिग्ध हालात म

दहेज प्रताड़ना के आरोपों के बीच मैनपुरी में 8 माह की गर्भवती महिला लापता, पिता ने ससुराल पक्ष पर हत्या की जताई आशंका

8-month pregnant woman goes missing

मैनपुरी {उत्तर प्रदेश}: थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव बदनपुर निवासी संजीव कुमार पुत्र कप्तान सिंह ने अपनी 8 माह की गर्भवती बेटी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के मामले में ससुराल पक्ष पर हत्या की आशंका जताते हुए थाना कुर्रा में तहरीर दी है। पीड़ित का आरोप है कि तहरीर देने के करीब 10 दिन बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

शादी के बाद से दहेज प्रताड़ना का आरोप

संजीव कुमार ने बताया कि उनकी बेटी गुंजन की शादी 19 अप्रैल 2024 को थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव देवपुरा निवासी सुखदेव के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में मोटरसाइकिल की मांग करता था और बेटी को प्रताड़ित करता था। उसके साथ मारपीट की जाती थी तथा घरेलू खर्च तक नहीं दिया जाता था। बेटी का खर्च मायके पक्ष ही उठाता था।

सास और ननद पर भी मारपीट का आरोप

उन्होंने आरोप लगाया कि सास शीतला देवी और ननद कुसमा भी गुंजन के साथ मारपीट करती थीं। पीड़ित के अनुसार, 12 मई 2026 की रात करीब 8 बजे दामाद सुखदेव का फोन आया, जिसमें उसने बताया कि गुंजन 11 मई की रात घर से कहीं चली गई है और उसे नहीं पता कि वह किसके साथ गई है।

आठ माह की गर्भवती थी गुंजन

संजीव कुमार का कहना है कि 11 मई को उनकी और उनकी पत्नी की बेटी से फोन पर बात हुई थी। उस समय गुंजन आठ माह की गर्भवती थी। इसके बाद उसके अचानक लापता होने से परिवार को अनहोनी की आशंका सताने लगी।

पिता ने जताई हत्या की आशंका

संजीव कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी अपने पहने हुए जेवर उतारकर बेड पर रख गई थी, जबकि मंगलसूत्र और कुंडल उसकी सास ने अपने पास रख लिए थे। उनका कहना है कि उन्हें पूरी आशंका है कि ससुराल पक्ष ने उनकी बेटी की हत्या कर दी है और मामले को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने जांच शुरू की

इस संबंध में थाना प्रभारी विक्रांत गुर्जर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े: दिल्ली-आगरा हाईवे पर भीषण हादसा, बालू लदे ट्रैक्टर से टकराया तेज रफ्तार कैंटर; चालक की दर्दनाक मौत