कांग्रेस नेता डेविड डिसूजा हत्याकांड में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
कर्नाटक: कांग्रेस नेता और व्यवसायी डेविड डिसूजा की हत्या के मुख्य आरोपी को उडुपी जिले के बायंदूर के पास ओट्टिनाने इलाके में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान राजू के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। पुलिस द्वारा कथित तौर पर आत्मरक्षा में गोली चलाने पर उसके दाहिने पैर में गोली लगी। गोलीबारी में सब-इंस्पेक्टर तेजस्वी भी घायल हो गए। फिलहाल उनका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। राजू को मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ऑपरेशन के दौरान पुलिसकर्मियों पर किया हमला
पुलिस के अनुसार, राजू ने कथित तौर पर ऑपरेशन के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला किया, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। मुठभेड़ के बाद दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनकी तलाश और गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस टीमें इलाके में तलाशी अभियान चला रही हैं। इसके साथ ही फरार आरोपियों को पकड़ने की कोशिश भी तेज कर दी है।
डेविड डिसूजा हत्याकांड में चलाया गया था अभियान
बता दें, यह मुठभेड़ डेविड डिसूजा हत्याकांड के सिलसिले में पुलिस अभियान के दौरान हुई। मुख्य आरोपी राजू से इस मामले की चल रही जांच में मदद मिलने की उम्मीद है। पुलिस घटनास्थल से फरार हुए दो आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है और हत्या से संबंधित घटनाक्रम को समझने की कोशिश कर रही है। फिलहाल आगे की जानकारी की इतंजार है।
7 अगस्त को दिया गया था घटना को अंजाम
इससे पहले 7 अगस्त को उडुपी जिले में मुदारंगड़ी ग्राम पंचायत के पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेस नेता डेविड डिसूजा की दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मुदारंगड़ी निवासी डिसूजा एक व्यवसायी थे। वे ठेकेदारी के कारोबार में भी शामिल थे। वे क्षेत्र में कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता भी थे। यह घटना दोपहर लगभग 3:30 बजे मुदारंगड़ी ग्राम पंचायत की सीमा में स्थित पिलारू गांव में सेंट फ्रांसिस जेवियर चर्च के सामने हुई।
(इनपुट: ANI)
ये भी पढ़ें- ब्राह्मण समुदाय को लुभाने की कोशिश कर रही सपा, मायावती का तीखा हमला