नोएडा में प्राइम न्यूज़ कार्यालय में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, MD मनीष कुमार पाण्डेय ने किया ध्वजारोहण
नोए़डा (उत्तर प्रदेश)। देशभर में 80वें स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में 'प्राइम न्यूज़' के कार्यालय में भी स्वतंत्रता दिवस का जश्न धूमधाम और गरिमामय अंदाज में आयोजित किया गया। इस राष्ट्रीय पर्व के मौके पर पूरे कार्यालय परिसर को तिरंगे के रंगों, गुब्बारों और फूलों से बेहद भव्य तरीके से सजाया गया था। हर कोने में देशभक्ति के गीतों और राष्ट्रभक्ति के जज्बे की गूंज सुनाई दे रही थी।
एमडी एवं एडिटर-इन-चीफ मनीष कुमार पाण्डेय ने किया ध्वजारोहण
समारोह की शुरुआत चैनल के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) एवं एडिटर-इन-चीफ मनीष कुमार पाण्डेय द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। तिरंगा फहराने के बाद सभी कर्मचारियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाया और भारत माता के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने प्राइम न्यूज़ परिवार को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
'स्वतंत्र भारत में खुश रहें, लेकिन पत्रकारिता की शुचिता न भूलें'
अपने संबोधन में एमडी एवं एडिटर-इन-चीफ मनीष कुमार पाण्डेय ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा, "एक स्वतंत्र देश के नागरिक के तौर पर आप सभी अपने जीवन में खुश रहें, समृद्ध रहें। लेकिन इसके साथ ही हमें यह हमेशा याद रखना है कि भारत के सजग नागरिक होने के साथ-साथ आप पत्रकार भी हैं। समाज और देश के प्रति हमारी दोहरी जिम्मेदारी है। इसलिए हमेशा यह कोशिश कीजिए कि पत्रकारिता की गरिमा और उसकी शुचिता हर हाल में बनी रहे।"
वरिष्ठ अधिकारियों और टीम की रही गरिमामयी मौजूदगी
इस खास मौके पर चैनल के CFO रितेश मिश्रा और डिजिटल हेड विजय नारायण सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने भी पूरी टीम को राष्ट्रीय पर्व की बधाई दी और निष्पक्ष व जनसरोकारी पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के दौरान प्राइम न्यूज के एडिटोरियल, इनपुट, आउटपुट, डिजिटल, ग्राफिक्स, पीसीआर और टेक्निकल टीम समेत सभी विभागों के पत्रकार और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर आजादी के इस पावन पर्व की बधाई दी। (Published By: Ravi Pandey)
यह भी पढ़ें: प्रधानमंत्री मोदी ने 'सप्तधारा' परिकल्पना में रक्षा को पांचवीं 'शक्ति' बताया