बरेली कोर्ट से बंदी फरार, लापरवाही के आरोप में 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड
बरेली (उत्तर प्रदेश)। 21 अक्टूबर को कोर्ट में पेशी के दौरान एक बंदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने भारी लापरवाही के आरोप में 8 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। वहीं, फरार बंदी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 4 विशेष टीमें लगाई गई हैं।
कोर्ट पेशी के दौरान पुलिस को चकमा देकर भागा सचिन
मिली जानकारी के अनुसार, सुभाषनगर के बंशीनगला निवासी सचिन सिंह ठाकुर को जिला जेल से एडीजे कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। 21 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:45 बजे, जब बंदियों को पेशी के लिए ले जाया जा रहा था, तब वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला।
CCTV से खुलासा, जीडी में दर्ज थी फर्जी वापसी
मामले का खुलासा 22 अक्टूबर को हुआ जब न्यायालय चौकी प्रभारी एसआई सरोज कुमार ने हवालात का निरीक्षण किया। पेशी के लिए 6 बंदी भेजे गए थे, लेकिन वापस केवल 5 ही पहुंचे। जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, तो सचिन के फरार होने की पुष्टि हुई। चौंकाने वाली बात यह रही कि पुलिस की जीडी (General Diary) में सभी 6 बंदियों की वापसी दर्ज कर दी गई थी।
फरार बंदी की तलाश में 4 विशेष टीमें गठित
चौकी प्रभारी की शिकायत पर कोतवाली थाने में फरार बंदी सचिन और 8 पुलिसकर्मियों समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि फरार बंदी की तलाश में सर्विलांस, एसओजी, कोतवाली और सुभाषनगर थाने की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
यह भी पढ़ें: सिंगरौली कंचन ज्वेलर्स डकैती कांड का पर्दाफाश, जबलपुर स्टेशन से छठा आरोपी गिरफ्तार