इंदौर जिले के क्षिप्रा थाना क्षेत्र में अर्जुन बड़

इंदौर में चलती निजी बस में लगी भीषण आग, टायर फटने के बाद धू-धू कर जली बस; सभी 26 यात्री सुरक्षित

Madhya Pradesh Breaking News

इंदौर (मध्य प्रदेश): इंदौर जिले के क्षिप्रा थाना क्षेत्र में अर्जुन बड़ौदा पुल के पास गुरुवार को रीवा से इंदौर आ रही एक निजी यात्री बस के पिछले टायर के फटने के बाद उसमें भीषण आग लग गई। बस में सवार सभी 26 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

टायर फटते ही मच गई अफरा-तफरी

घटना सुबह करीब 11:40 बजे की है। क्षिप्रा थाना प्रभारी कैलाश सोलंकी ने बताया कि बस पुलिस स्टेशन के सामने से गुजर रही थी, तभी चालक की तरफ का पिछला टायर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी।

पुलिस ने यात्रियों को सुरक्षित निकाला

बस में पांच महिलाएं और 21 पुरुष सहित कुल 26 यात्री सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ उनका सामान भी बस से निकाल लिया।

दमकल ने आग पर पाया काबू

टायर फटने के तुरंत बाद आग लग गई, जो धीरे-धीरे पूरी बस में फैल गई। पुलिस ने एहतियातन सड़क के दोनों ओर करीब 100 मीटर तक यातायात रोक दिया। इंदौर, सांवेर और आसपास के निजी प्रतिष्ठानों से पहुंची दमकल टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में किसी यात्री, चालक या परिचालक को कोई चोट नहीं आई। हालांकि, आग की चपेट में आने से पूरी बस जलकर राख हो गई।

हादसे की जांच शुरू

प्रारंभिक जांच में घटना का कारण टायर फटना बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

(एएनआई)

यह भी पढ़े: सुजान सिंह पार्क बेदखली मामला: दिल्ली हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस, अंतरिम राहत देने से किया इनकार